Sonbhadra News : रेलवे प्रशासन की तानाशाही रवैया से नाराज सब्जी विक्रेताओं ने मुख्य मार्ग किया जाम
रेलवे की तानाशाही रवैया से खपा सब्जी विक्रेताओं ने मुख्य मार्ग किया जाम ।

सब्जी विक्रेताओं को समझाते तहसील
sonbhadra
7:09 PM, February 3, 2025
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
■ जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम छुड़वाया
चोपन (सोनभद्र) । सोमवार को रेलवे प्रशासन द्वारा एक बार फिर अपनी तानाशाही रवैया अपनाते हुए सब्जी विक्रेताओं को लगी लगाई दुकान बलपूर्वक हटवा दिया। जिससे खफा सब्जी विक्रेताओं ने मुख्य मार्ग पर सब्जी बिखेर कर जाम लगा दिया और रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे । जाम की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम छुड़वाया। वहीं मौके पर तहसीलदार एवं क्षेत्रीय लेखपाल भी पहुंच कर सब्जी विक्रेताओं से वार्ता किये। गौरतलब है कि अभी कुछ दिन पूर्व रेलवे प्रशासन ने वर्षों से लग रही सब्जी मंडी को हटवा दिया था। जिसके बाद बिते शनिवार को उपजिलाधिकारी ओबरा विवेक सिंह अपने राजस्व कर्मियों के साथ सब्जी मंडी में पहुंच कर सब्जी विक्रेताओं से वार्ता किये थे और कहे थे कि रेलवे से संयुक्त वार्ता कर समस्या का हर संभव निदान किया जायेगा। पुनः सोमवार को रेलवे प्रशासन सब्जी मंडी में लगी दुकानों को बल पूर्वक हटवा दिया । जिसके बाद नाराज सब्जी विक्रेताओं ने मुख्य मार्ग जाम कर दिया। बताते चलें कि स्थानीय रेलवे प्रशासन आये दिन रहवासियों को, पटरी पर जीवन यापन करने वाले छोटे मझोले दुकानदारों एवं सब्जी विक्रेताओं को नोटिस जारी कर परेशान किया जा रहा है । लोगों का कहना है कि रेलवे आज तक संयुक्त सीमाकंन नहीं कर पाया कि कहां-कहां उसकी जमीन है । मनमानी तरीके से केवल नोटिस जारी कर भय का माहौल बना रहा है। इस बाबत तहसीलदार सुनील कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि रेलवे के सम्बन्धित अधिकारी अपने उच्चाधिकारियों से वार्तालाप करने के बाद ही निष्कर्ष निकालेंगे।




