Sonbhadra News : शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की माँग को लेकर आक्रोशित छात्रों ने प्रदर्शन कर निकाला मार्च
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आज नगर में छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। सुप्रिया सिंह राजपूत के नेतृत्व में NSUI और सपा के कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में छात्र......

sonbhadra
7:40 PM, July 22, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आज नगर में छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। सुप्रिया सिंह राजपूत के नेतृत्व में NSUI और सपा के कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सड़कों पर उतरकर स्वर्ण जयंती चौक पर प्रदर्शन किया और स्वर्ण जयंती चौक से हाइडिल मैदान तक मार्च निकाला। वहीं प्रदर्शनकारियों की मार्च के दौरान बहस भी हुई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा छात्रों की मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सुप्रिया सिंह राजपूत ने कहा कि "देश के विद्यार्थियों के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है। शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं और छात्रों की समस्याओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।"
प्रदर्शन में शामिल समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष गीता गौर ने कहा कि "देश का छात्र अपने भविष्य को लेकर सड़क पर उतरने को मजबूर है, यह चिंता का विषय है। छात्रों की जायज मांगों को सुनने के बजाय उनकी आवाज को दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। सरकार को छात्रों के हित में संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनकी भावनाओं की उपेक्षा किसी भी कीमत पर नहीं की जानी चाहिए।"
वहीं NSUI जिलाध्यक्ष अंशु गुप्ता एवं अर्पिता सिंह ने कहा कि "संगठन छात्रों के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ रहा है। यदि सरकार ने छात्रों की आवाज को अनसुना किया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।"
प्रदर्शन में पूर्व सदर विधायक अविनाश कुशवाहा, संदीप गुप्ता, सोनाक्षी श्रीवास्तव, सच्ची गुप्ता, खुशी, पारब्रह्म सिंह, अनुष्का सोनकर, प्राची, प्रियांशु अग्रवाल, आदित्य सिंह, तनिष्क मौर्य, विवेक सिंह, सुजीत गुप्ता, रवि मद्धेशिया, शिवांशु गोस्वामी, रोहित जाटव, आशीष कुमार, दिव्यांशी सिंह, आकाश कुमार, प्रियांशु गुप्ता, युवराज गिरी, निमेष गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा मौजूद रहे।




