Sonbhadra news : 17 दिनों से अंधेरे में अम्माटोला बालूपर, बिजली बहाली की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
पिछले 17 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाराज ग्रामीणों ने परासपानी स्थित विद्युत उपकेंद्र जवारीडाड पहुंचकर प्रदर्शन किया।

sonbhadra
5:00 PM, May 30, 2026
एम शर्मा (संवाददाता)
डाला (सोनभद्र)। कोटा ग्राम पंचायत के अम्माटोला स्थित बालूपर टोला में पिछले 17 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाराज ग्रामीणों ने परासपानी स्थित विद्युत उपकेंद्र जवारीडाड पहुंचकर प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार 13 मई को आई तेज आंधी के दौरान बालूपर टोला में लगे तीन विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होकर गिर गए थे। साथ ही ट्रांसफार्मर भी जलकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद से पूरे टोले की बिजली आपूर्ति बाधित है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक न तो पोल बदले गए हैं और न ही नया ट्रांसफार्मर लगाया गया है।
बिजली न होने से क्षेत्र के लोगों को भीषण गर्मी और उमस में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं घरेलू कार्यों और पेयजल व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है।
समस्या के समाधान में हो रही देरी से आक्रोशित ग्रामीणों ने उपकेंद्र पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन तथा बिजली विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में लोकेश प्रजापति, निर्भय चौधरी (कुंजू), सुशील तिवारी, विनोद कुशवाहा, राजेंद्र कुशवाहा, छविनाथ निषाद, रमाशंकर साहनी, लवकुश कुमार, प्रदीप कुमार, कल्लू, जयप्रकाश, अर्जुन, अवधेश कुमार, पप्पू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




