Sonbhadra News : आफत की राह बना आरओबी का वैकल्पिक मार्ग, गड्ढे में कार उतरते ही थम गई यातायात व्यवस्था
रॉबर्ट्सगंज रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन आरओबी के चलते बनाए गए वैकल्पिक मार्ग की बदहाल व्यवस्था अब लोगों के लिए परेशानी के साथ-साथ दुर्घटना का खतरा भी बनती जा रही है। सोमवार को रेलवे स्टेशन.......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
11:51 AM, August 24, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन आरओबी के चलते बनाए गए वैकल्पिक मार्ग की बदहाल व्यवस्था अब लोगों के लिए परेशानी के साथ-साथ दुर्घटना का खतरा भी बनती जा रही है। सोमवार को रेलवे स्टेशन के सामने से कचहरी तिराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर भीषण जाम लग गया। सड़क पर बने गड्ढों, बढ़ते ट्रैफिक लोड और बरसात के दौरान फिसलन होने के कारण एक कार अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे उतर गई, जिसके बाद मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई और यातायात घंटों प्रभावित रहा। हालांकि मौके पर मौजूद कुछ युवकों और डायल-112 के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए कार को किसी तरह उठाकर दोबारा सड़क पर कराया। इसके बाद वाहनों का आवागमन धीरे-धीरे सामान्य हो सका। स्थानीय लोगों ने युवकों और पुलिसकर्मियों की तत्परता की सराहना की।
गड्ढे दे रहे हादसे को न्योता -
आरओबी निर्माण के कारण पहले से ही भारी यातायात का दबाव झेल रहे वैकल्पिक मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढे अब राहगीरों के लिए बड़ा खतरा बन गए हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग बेहद जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गड्ढों की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
दबाव में बना रास्ता, लेकिन ट्रैफिक लोड का नहीं रखा हिसाब -
आरओबी निर्माण के दौरान आवागमन बनाए रखने के लिए जनप्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों के दबाव के बाद निर्माण कंपनी और जिला प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग तो तैयार कर दिया, लेकिन बढ़ने वाले ट्रैफिक लोड के अनुरूप इसकी व्यापक योजना नहीं बनाई गई।
लोगों का कहना है कि यदि इस मार्ग को आसपास के अन्य लिंक रास्तों से जोड़कर यातायात को कई दिशाओं में बांट दिया जाता, तो एक ही सड़क पर वाहनों का दबाव इतना नहीं बढ़ता। इससे जाम की स्थिति से काफी हद तक बचा जा सकता था।
कचहरी जाने वाले मरीज, वकील, स्कूली बच्चे और राहगीर फंसे -
सोमवार को लगे जाम में कचहरी जाने वाले अधिवक्ता और वादकारी, कामकाज के लिए निकले लोग, मरीज तथा स्कूली बच्चे घंटों फंसे रहे। रेलवे स्टेशन के सामने से कचहरी तिराहे तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। जाम के कारण लोगों को कुछ ही दूरी तय करने में काफी समय लग गया।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि आरओबी निर्माण पूरा होने तक प्रशासन को वैकल्पिक मार्ग को लेकर तात्कालिक और दीर्घकालिक दोनों स्तर पर ट्रैफिक प्लान तैयार करना होगा।
डायल-112 ने संभाली स्थिति, युवाओं ने भी दिखाई तत्परता -
कार के सड़क से नीचे उतरने के बाद स्थिति और बिगड़ गई थी। मौके पर मौजूद युवकों और डायल-112 के जवानों ने मिलकर कार को उठाकर सड़क पर पहुंचाया। इसके बाद यातायात को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया जा सका।
वहीं मौके पर फँसे लोगों ने कहा कि पुलिस और स्थानीय युवकों की तत्परता से बड़ी राहत मिली, लेकिन सवाल यह है कि क्या हर बार किसी वाहन के फंसने या दुर्घटना के बाद ही यातायात व्यवस्था संभाली जाएगी?
अब गड्ढे भरने और लिंक रोड जोड़ने की मांग -
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से वैकल्पिक मार्ग के गड्ढों को तत्काल भरने, सड़क को दुरुस्त करने, पीक आवर्स में पर्याप्त यातायात पुलिस तैनात करने और आसपास के लिंक मार्गों को जोड़कर ट्रैफिक का दबाव बांटने की मांग की है।




