Sonbhadra News : राखी के साथ बहनों का प्यार भी रहेगा सुरक्षित, डॉक विभाग ने जारी किया विशेष वाटरप्रूफ लिफाफा
भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह के पर्व रक्षाबंधन को लेकर डाक विभाग ने बहनों की राखी को भाइयों तक सुरक्षित और समय से पहुंचाने के लिए खास इंतजाम किया है। विभाग ने 10 रुपये का विशेष वाटरप्रूफ राखी.......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
3:34 PM, August 21, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह के पर्व रक्षाबंधन को लेकर डाक विभाग ने बहनों की राखी को भाइयों तक सुरक्षित और समय से पहुंचाने के लिए खास इंतजाम किया है। विभाग ने 10 रुपये का विशेष वाटरप्रूफ राखी लिफाफा जारी किया है। खास बात यह है कि इस लिफाफे में राखी भेजने पर डाक शुल्क में 10 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है।
रॉबर्ट्सगंज प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर विजय कुमार ने बताया कि "रक्षाबंधन को देखते हुए जिले के सभी डाकघरों में विशेष राखी लिफाफे उपलब्ध करा दिए गए हैं। प्रधान डाकघर में सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक राखियों की बुकिंग की जा रही है। वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 50 से 60 राखियों की बुकिंग हो रही है। छुट्टियों के दिनों में भी राखी की बुकिंग और वितरण व्यवस्था जारी रहेगी, ताकि दूर बैठे भाइयों तक बहनों का स्नेह समय पर पहुंच सके।"
10 रुपये के लिफाफे में 10 फीसदी छूट -
डाक विभाग के विशेष राखी लिफाफे की कीमत महज 10 रुपये है। वाटरप्रूफ होने के कारण बारिश के मौसम में भी इसमें रखी राखी के सुरक्षित रहने की उम्मीद है। इसके अलावा इस लिफाफे से राखी भेजने पर डाक शुल्क में 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
पोस्टमास्टर विजय कुमार ने बताया कि उदाहरण के तौर पर रॉबर्ट्सगंज से वाराणसी तक 50 ग्राम से कम वजन का सामान्य लिफाफा भेजने पर 55 रुपये डाक शुल्क लगता है। वहीं रक्षाबंधन के लिए जारी विशेष राखी लिफाफे में राखी भेजने पर निर्धारित डाक शुल्क में 10 प्रतिशत की छूट का लाभ मिलेगा।
सामान्य लिफाफे से भी भेज सकेंगे राखी -
पोस्टमास्टर विजय कुमार ने बताया कि "विशेष लिफाफा लेना अनिवार्य नहीं है। बहनें अपने सामान्य लिफाफे में भी राखी भेज सकती हैं। हालांकि, ऐसे लिफाफे के ऊपर स्पष्ट रूप से ‘राखी’ लिखना होगा, ताकि डाककर्मी उसकी पहचान कर उसे प्राथमिकता के साथ गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था कर सकें।"




