Sonbhadra News : NRLM में भ्रष्टाचार के आरोप से मचा हड़कंप, सीडीओ ने गठित की जांच टीम
विकास खंड घोरावल के शाहगंज क्षेत्र में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत संचालित योजनाओं में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले को......

sonbhadra
6:27 PM, April 6, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । विकास खंड घोरावल के शाहगंज क्षेत्र में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत संचालित योजनाओं में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले को संज्ञान में लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने जांच के आदेश दिए हैं और जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) व घोरावल के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) की दो सदस्यीय जांच टीम गठित की है।
बताते चलें कि शनिवार को विकास खंड घोरावल के शाहगंज स्थित बुद्धा स्वयं सहायता समूह के कार्यालय पर कई समूह सखियां पहुंचीं और उन्होंने गंभीर आरोप लगाए। समूह सखियों का कहना था कि उनसे डीसी एनआरएलएम के नाम पर रिश्वत मांगी जाती है। विरोध करने पर उनका मानदेय रोकने और नौकरी से हटाने की धमकी दी जाती है।
वहीं समूह से जुड़ी पदाधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि उनसे जबरन ब्लैंक चेक पर हस्ताक्षर कराए जाते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें यह तक नहीं बताया जाता कि खाते से पैसा किस काम के लिए निकाला जा रहा है। इस तरह की गतिविधियों से समूह की महिलाओं में काफी नाराजगी और असंतोष है।
वहीं पूरे मामले पर डीसी एनआरएलएम सरिता सिंह ने कहा कि "यह मामला मीडिया में आने के बाद उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने बताया कि समूह सखियों का मानदेय और ड्राई राशन का भुगतान शासन से बजट प्राप्त न होने के कारण नहीं हो सका है। हालांकि उनके नाम पर अवैध धन उगाही के लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए डीडीओ और घोरावल बीडीओ की दो सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है। जांच टीम पूरे प्रकरण की जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डीसी एनआरएलएम सरिता सिंह ने यह भी कहा कि "लंबे समय से एक ही ब्लॉक में कार्यरत ब्लॉक मिशन प्रबंधकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी, ताकि व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बनी रहे।"



