Sonbhadra News : सोनभद्र में सोलर शोरूम से 4.50 करोड़ के गबन का आरोप, चार कर्मचारियों पर FIR दर्ज
संचालक का आरोप है कि प्रतिष्ठान के प्रबंधन, लेखा-जोखा और गोदाम की जिम्मेदारी संभालने वाले चार कर्मचारियों ने आपसी मिलीभगत से कारोबार की रकम और सामान में गड़बड़ी की।

sonbhadra
7:40 PM, November 16, 2026
शांतनु विश्वास
० एसपी के निर्देश पर दर्ज हुआ मुकदमा
० आरोपों को विपक्ष ने बताया निराधार
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के शाहगंज मार्ग पर स्थित एक सोलर, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं फर्नीचर शोरूम में करीब 4.50 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। शोरूम संचालक ने अपने चार कर्मचारियों पर धोखाधड़ी, गबन और अमानत में खयानत का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता के शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में चारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर के चुनार क्षेत्र निवासी विकास सिंह का कम्हारी स्थित धर्मशाला-शाहगंज रोड पर हनुमत सोलर हाउस नाम से प्रतिष्ठान संचालित है। यहां सोलर उपकरणों के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स और फर्नीचर का कारोबार होता है। संचालक का आरोप है कि प्रतिष्ठान के प्रबंधन, लेखा-जोखा और गोदाम की जिम्मेदारी संभालने वाले चार कर्मचारियों ने आपसी मिलीभगत से कारोबार की रकम और सामान में गड़बड़ी की।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्हें तब आशंका हुआ जब उनके CA ने कैश और स्टॉक में भारी अंतर होने की बात बताई । जिसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे सारे तथ्य जुटाना शुरू किया ।
शिकायत में बताया गया है कि वर्ष 2024 से अब तक दुकान एवं गोदाम के कारोबार का करीब 4.50 करोड़ रुपये का हिसाब नहीं दिया गया। आरोप है कि कर्मचारियों ने प्रतिष्ठान बंद कर चाबी फेंक दी और वहां से चले गए। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि छह सितंबर 2026 को संबंधित कर्मचारियों ने कम्हारी में ही सोलर उपकरणों की नई दुकान खोलकर कारोबार शुरू कर दिया।
मामले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एफआईआर दर्ज की गई है और विवेचना शुरू कर दी गई है । पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, विपक्ष की ओर से हरि गोविंद सिंह पटेल ने लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने अपना पक्ष एसपी कार्यालय में रख दिया है ।
फिलहाल मामले में दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच पुलिस विवेचना जारी है। जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




