Sonbhadra News : जनपद न्यूज की खबर के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कम्प, एसडीएम बोले- कनहर डैम में नाव चलने पर होगी कार्यवाही
कनहर बांध उफान पर होने के वावजूद जिस तरह से स्थानीय लोगों द्वारा नाव से मछली मारने की खबर जनपद न्यूज live पर लगी प्रशासनिक अमले में हड़कम्प मच गया।

sonbhadra
9:04 PM, September 2, 2026
- कनहर डैम के तट पर लगेंगे चेतावनी बोर्ड
- जनपद न्यूज live ने सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही की बात बताई थी
राजा (संवाददाता)
अमवार (सोनभद्र)। कनहर बांध उफान पर होने के वावजूद जिस तरह से स्थानीय लोगों द्वारा नाव से मछली मारने की खबर जनपद न्यूज live पर लगी प्रशासनिक अमले में हड़कम्प मच गया। जनपद न्यूज ने दिखाया कि किस तरह सुरक्षा व्यवस्था का मखौल उड़ाते हुए लोग जान जोखिम में डालकर डैम में मछली मार रहे हैं।
खबर चलने के बाद बुधवार को एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ कनहर नदी एवं जलाशय के तटीय क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संवेदनशील स्थानों का जायजा लेते हुए ग्रामीणों को जलाशय और नदी के किनारे जाने से बचने तथा नाव के माध्यम से मछली पकड़ने पर पूरी तरह रोक लगाने की हिदायत दी।
एसडीएम सबसे पहले भिसूर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने कनहर नदी के तटीय क्षेत्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डिहवार बाबा के पास करीब आधा दर्जन नावें दिखाई दीं। जिसे देखकर एसडीएम ने कहा कि जलाशय क्षेत्र में नाव से मछली पकड़ने की शिकायत प्रशासन को मिली थी। इसी शिकायत के मद्देनजर तटीय क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने स्थानीय पुलिस को निर्देश दिया कि यदि प्रतिबंध के बावजूद कोई व्यक्ति नाव के जरिए नदी या जलाशय में मछली पकड़ता पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाए। साथ ही ऐसी नावों को जब्त करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
वहीं एसडीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को जलाशय के आसपास के संवेदनशील एवं तटीय क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में चेतावनी एवं सुरक्षा संबंधी सूचना पट लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बोर्ड ऐसे स्थानों पर लगाए जाएं जहां ग्रामीणों और आम लोगों की नजर आसानी से पड़ सके। बोर्ड पर जलाशय के खतरे, गहरे पानी में जाने पर प्रतिबंध तथा नाव से मछली पकड़ने पर रोक जैसी महत्वपूर्ण सूचनाएं स्पष्ट रूप से अंकित की जाएं।
आपको बता दें कि जनपद न्यूज live ने मंगलवार को चोपन सोन नदी में चेतावनी बोर्ड न होने की खबर लगाया था, जिसके बाद से सभी बंधों के किनारे चेतावनी बोर्ड लगाए जाने का क्रम जारी है।
निरीक्षण के दौरान मौके पर अवर अभियंता दिग्विजय सिंह, संजय गौड़ सहित सिंचाई विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




