Sonbhadra News : बाइक रोककर युवक पर बरसाए लात-घूंसे, तीन आरोपियों पर FIR दर्ज
जनपद मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज में दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामूली विवाद के बाद तीन युवकों ने एक बाइक सवार युवक को बीच सड़क रोककर कथित रूप से बेरहमी से पीट दिया। हमले में युवक गंभीर......

मारपीट में घायल सुधीर कुमार.......
sonbhadra
11:31 PM, July 17, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज में दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामूली विवाद के बाद तीन युवकों ने एक बाइक सवार युवक को बीच सड़क रोककर कथित रूप से बेरहमी से पीट दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में पुलिस ने नामजद सहित तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चंदौली जनपद के नौगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत विशेश्वरपुर निवासी जितेन्द्र कुमार ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि "उसका भाई सुधीर, जो रॉबर्ट्सगंज स्थित एक पैथोलॉजी में कार्यरत है, 16 जुलाई की शाम करीब 8:30 बजे शाहगंज से मोटरसाइकिल से लौट रहा था। रास्ते में शनि मंदिर के पास उसकी बाइक अचानक बंद हो गई, जिसके बाद वह उसे धक्का देकर आगे बढ़ा रहा था। इसी दौरान पीछे से पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार पवन गुप्ता अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचे और कथित रूप से उनकी बाइक से टक्कर हो गई। आरोप है कि विरोध करने पर तीनों आरोपी आक्रोशित हो गए और सुधीर को सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से मारने लगे। मारपीट में युवक को गंभीर चोटें आईं।"
घटना के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल लोढ़ी स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने पसियाना मोहल्ला निवासी पवन गुप्ता तथा उसके दो अज्ञात साथियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352 एवं 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं रॉबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि "मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।"




