Sonbhadra News : कार और टीपर में टक्कर के बाद दोनों वाहनों में लगी आग, कार सवार तीन युवक घायल
शुक्रवार तड़के रावर्टसगंज से रेनुकूट की तरफ जा रही कार की खड़े टीपर में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि दोनों वाहनों में भयंकर आग लग गई।

sonbhadra
10:36 AM, November 13, 2026
एम शर्मा (संवाददाता)
० दोनों वाहन जलकर खाक
डाला (सोनभद्र) । चोपन थाना क्षेत्र के डाला बाजार में वाराणसी-शक्तिनगर हाइवे पर कार और टीपर की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भयंकर आग लग गई । जबकि इस हादसे में कार सवार तीन युवक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार तड़के रावर्टसगंज से रेनुकूट की तरफ जा रही कार की खड़े टीपर में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि दोनों वाहनों में भयंकर आग लग गई। लेकिन गलीमत यह रहा कि आगजनी की घटना से पहले स्थानीय लोगों ने कार सवार हिमांशु सिंह (23) पुत्र प्रीतम सिंह, सत्यार्थ सिंह (18) पुत्र सर्वजीत सिंह, अविनाश सिंह (20) पुत्र मनोज सिंह निवासी आश्रम मोड़ म्योरपुर को वाहन से उतारकर सुरक्षित जगह पर बैठा दिया था । थोड़ी देर बाद वाहन धू-धू कर जलने लगे और देखते ही देखते दोनों वाहन जलकर ख़ाक हो गए ।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार के लिए चोपन सीएचसी भेजा । बाद में पुलिस ने अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी से दमकल मंगाकर आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक दोनों वाहन जलकर ख़ाक हो गए। फिलहाल तीनों घायलों का इलाज चल रहा है ।




