Sonbhadra News : बड़े सर्किल रेट पर अधिवक्ताओं ने दर्ज कराई आपत्ति,पुराना दर ही बहाल रखने की मांग
बड़े सर्किल रेट पर अधिवक्ताओं ने दर्ज कराई आपत्ति

AI जनरेटेड बैनर ----
sonbhadra
8:14 PM, July 25, 2026
बड़े सर्किल रेट पर अधिवक्ताओं ने दर्ज कराई आपत्ति
- पुराने सर्किल रेट को बहाल रखने की मांग
दुद्धी (सोनभद्र)। उप निबंधन कार्यालय दुद्धी में सर्किल रेट बढ़ाने के प्रस्ताव का अधिवक्ताओं ने पुरजोर विरोध किया है। दुद्धी एवं सिविल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से उप निबंधन कार्यालय पहुंचकर अपनी लिखित आपत्ति दर्ज कराई। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि सर्किल रेट में बढ़ोतरी दुद्धी क्षेत्र के गरीब किसानों के लिए अभिशाप साबित होगी। यदि इस जनविरोधी प्रस्ताव को वापस नहीं लिया गया, तो अधिवक्ता आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
संयुक्त रूप से दर्ज कराई आपत्ति -
शनिवार को दुद्धी बार एसोसिएशन और सिविल बार एसोसिएशन के अधिवक्ता एकजुट होकर उप निबंधन कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने नए सर्किल रेट के प्रस्ताव के खिलाफ संयुक्त रूप से आपत्ति पत्र सौंपा। अधिवक्ताओं का कहना है कि क्षेत्र की भौगोलिक और आर्थिक स्थिति को नजरअंदाज करके सर्किल रेट बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
किसानों के लिए बनेगा अभिशाप-
दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय ने कहा कि दुद्धी क्षेत्र आदिवासी बहुल और पिछड़ा इलाका है। यहाँ के किसान पूरी तरह खेती पर निर्भर हैं। सर्किल रेट बढ़ने से जमीनों की रजिस्ट्री महंगी हो जाएगी। इससे किसानों को अपनी ही जमीन की खरीद-बिक्री या लोन लेने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। पूर्व अध्यक्ष प्रेमचंद यादव ने कहा कि यह फैसला किसानों के हित में नहीं है, इसलिए पुराने सर्किल रेट को ही बहाल रखा जाए।
मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी:
अधिवक्ताओं ने साफ तौर पर कहा कि प्रशासन का यह रवैया आम जनता और किसानों का शोषण करने वाला है। यदि उनकी जायज मांग को स्वीकार करते हुए बढ़े हुए सर्किल रेट के प्रस्ताव को निरस्त नहीं किया गया, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि क्षेत्र के किसानों और जनता के हक के लिए वे सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
ये अधिवक्ता रहे मौजूद- विरोध प्रदर्शन और आपत्ति दर्ज कराने वालों में मुख्य रूप से जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, अरुणोदय जौहरी, विजय कुमार समेत भारी संख्या में दुद्धी और सिविल बार एसोसिएशन के अधिवक्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।




