Sonbhadra News : कचहरी परिसर का उप-डाकघर बंद होने पर भड़के अधिवक्ता, तत्काल संचालन बहाल करने की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
कचहरी परिसर स्थित उप-डाकघर के बिना पूर्व सूचना बंद किए जाने से अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने उपजिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज को पत्र सौंपते हुए इस निर्णय पर कड़ी आपत्ति.......

sonbhadra
6:28 PM, April 21, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । कचहरी परिसर स्थित उप-डाकघर के बिना पूर्व सूचना बंद किए जाने से अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने उपजिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज को पत्र सौंपते हुए इस निर्णय पर कड़ी आपत्ति जताई और डाकघर को तत्काल प्रभाव से पुनः संचालित कराने की मांग की। इस संबंध में प्रवर डाक अधीक्षक, मिर्जापुर मंडल को भी पत्र की प्रतिलिपि भेजी गई है।
इस दौरान डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट अरुण कुमार सिंह ने कहा कि "यह उप-डाकघर वर्षों से न्यायिक व्यवस्था की रीढ़ बना हुआ था। यहां से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट, नोटिस और अदालती आदेशों का आदान-प्रदान होता था। अचानक इसके बंद होने से न्यायिक कार्यों की गति पर सीधा असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि अब अधिवक्ताओं और वादकारियों को आवश्यक दस्तावेज भेजने के लिए 3 से 4 किलोमीटर दूर मुख्य डाकघर का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे न सिर्फ समय और धन की बर्बादी हो रही है, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब भी उत्पन्न हो रहा है।"
वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट बिंदु यादव ने कहा कि "जनहित और न्यायिक कार्यों की सुगमता को ध्यान में रखते हुए कचहरी परिसर स्थित उप-डाकघर को तत्काल प्रभाव से स्थायी रूप से पुनः संचालित कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।"
इस दौरान प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं ने बार चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही डाकघर का संचालन बहाल नहीं किया गया तो अधिवक्ताओं को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
इस दौरान पवन कुमार सिंह, राजेश कुमार यादव, राजेंद्र कुमार यादव, रामप्रसाद यादव, चतुर्भुज शर्मा, टीटू प्रसाद गुप्ता, शाहनवाज आलम खान, चंदन जायसवाल, पवन कुमार द्विवेदी, अनुराग पांडेय, अभिषेक सिंह मौर्य, कामता प्रसाद यादव, आदर्श देव पांडेय, रविंद्र पटेल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।




