Sonbhadra News : तिरंगे के साथ दौड़ी एडवेंचर बाइक, जिले में दिखा राष्ट्रप्रेम और रोमांच का अनूठा संगम
80वें स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर जनपद में शनिवार को राष्ट्रप्रेम, रोमांच और पर्यटन का अनूठा संगम देखने को मिला। सोन एडवेंचर की ओर से आयोजित ‘ऑफ रोड बाइक सफारी तिरंगा यात्रा’ को जिलाधिका.....

ऊपर फोटो में एडवेंचर बाइक रैली में खुद बाइक चलाते डीएम चर्चित गोंड, नीचे की फोटो में पौधरोपण करते डीएम......
sonbhadra
4:36 PM, August 15, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• ऑफ रोड बाइक सफारी तिरंगा यात्रा को डीएम चर्चित गौड़ ने खुद बाइक चलाकर किया रवाना, एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने की पहल
सोनभद्र । 80वें स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर जनपद में शनिवार को राष्ट्रप्रेम, रोमांच और पर्यटन का अनूठा संगम देखने को मिला। सोन एडवेंचर की ओर से आयोजित ‘ऑफ रोड बाइक सफारी तिरंगा यात्रा’ को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने खुद बाइक चलाकर रवाना किया। हाथों में तिरंगा और बाइकों पर लहराता राष्ट्रीय ध्वज यात्रा के दौरान देशभक्ति के जज्बे को प्रदर्शित करता रहा।
ऑफ रोड बाइक सफारी के जरिए प्रतिभागियों ने जिले के प्राकृतिक और रोमांचक इलाकों का सफर किया। आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के साथ-साथ जिले की प्राकृतिक खूबसूरती और एडवेंचर टूरिज्म की संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने लाना रहा।
पहाड़, जंगल और जलप्रपात बन सकते हैं एडवेंचर टूरिज्म की पहचान -
यात्रा को रवाना करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि "सोनभद्र प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की दृष्टि से बेहद समृद्ध जनपद है। यहां के पहाड़, जंगल, जलप्रपात और प्राकृतिक स्थल साहसिक पर्यटन के लिए व्यापक संभावनाएं रखते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से जिले के पर्यटन स्थलों को नई पहचान मिलेगी और अधिक से अधिक पर्यटकों को जिले की ओर आकर्षित किया जा सकेगा। पर्यटन और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। डीएम ने कहा कि जिले की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए जिले को विशिष्ट पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।"
तिरंगे के साथ निकली बाइक यात्रा -
ऑफ रोड बाइक सफारी तिरंगा यात्रा में प्रतिभागियों ने हाथों और बाइकों पर तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। दुर्गम रास्तों और प्राकृतिक परिवेश के बीच निकली यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में रोमांच का रंग भर दिया साथ ही इसने जनपद में साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को भी रेखांकित किया।
'एक पेड़ मां के नाम' से पर्यावरण संरक्षण का संदेश -
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रप्रेम के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला ने पौधरोपण किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान एवं स्मृति में एक पौधा लगाकर उसके वृक्ष बनने तक नियमित देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं। पर्यावरण को सुरक्षित और संतुलित रखने के लिए पौधरोपण के साथ लगाए गए पौधों का संरक्षण भी उतना ही जरूरी है। अधिकारियों और कर्मचारियों से उन्होंने कार्यस्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में पौधरोपण को जनअभियान का रूप देने का आह्वान किया।
आजादी के जश्न में राष्ट्रप्रेम के साथ प्रकृति का संदेश -
डीएम चर्चित गोंड ने कहा कि "स्वतंत्रता दिवस राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों की याद दिलाता है। इसी भावना के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी जिम्मेदारी बनाना होगा। अधिक से अधिक पौधे लगाकर और उनकी देखभाल कर आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और हरा-भरा वातावरण दिया जा सकता है।"




