Sonbhadra News : बहन की पुकार पर पसीजा प्रशासन, डीएम ने पहल से भाई की कलाई पर सजी राखी
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर एक बहन की छोटी-सी इच्छा ने जनसुनवाई को भावुक कर दिया। बहन की आंखों में भाई की कलाई पर राखी बांधने की चाह थी, लेकिन पारिवारिक विवाद ने दोनों को एक-दूसरे से दूर कर रखा था.....

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
6:47 PM, August 28, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । रक्षाबंधन के पावन पर्व पर एक बहन की छोटी-सी इच्छा ने जनसुनवाई को भावुक कर दिया। बहन की आंखों में भाई की कलाई पर राखी बांधने की चाह थी, लेकिन पारिवारिक विवाद ने दोनों को एक-दूसरे से दूर कर रखा था। ऐसे में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संवेदनशीलता दिखाते हुए न सिर्फ बहन की भावनाओं को समझा, बल्कि तत्काल पहल कर भाई-बहन को मिलवाया। लंबे समय बाद जब बहन ने भाई की कलाई पर राखी बांधी तो दोनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
जनसुनवाई में सामने आया भावुक मामला -
गुरुवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के समक्ष आयोजित जनसुनवाई में यह भावुक मामला सामने आया। पारिवारिक विवाद के कारण आराध्या राजश्री अपने पिता राजकुमार के साथ रह रही है, जबकि उसका भाई सिद्धार्थ अपनी माँ मीरा कुमारी के साथ अलग रह रहा है। माता-पिता के बीच विवाद का मामला सिविल न्यायालय में विचाराधीन है। इन परिस्थितियों के बीच रक्षाबंधन का पर्व बहन के लिए भाई से मिलने की उम्मीद लेकर आया था।
सदर एसडीएम का प्रयास लाया रंग -
जनसुनवाई में आराध्या राजश्री ने जिलाधिकारी से अपनी इच्छा साझा करते हुए कहा कि वह रक्षाबंधन पर अपने भाई सिद्धार्थ की कलाई पर राखी बांधना चाहती है। बालिका की बात सुनकर जिलाधिकारी ने मामले की संवेदनशीलता को समझा और तत्काल उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज आशीष त्रिपाठी को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिया। जिस पर सदर एसडीएम ने बच्ची की मां से बात किया लेकिन वह बेटे को राखी बंधवाने को तैयार नहीं हुई, इसके पश्चात एसडीएम ने महिला के अधिवक्ता से बात की और उनका प्रयास रंग लाया।डीएम के निर्देश के बाद दोनों बच्चों को रॉबर्ट्सगंज थाने बुलाया गया। लंबे समय बाद आमने-सामने आए भाई-बहन के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी। आराध्या ने स्नेहपूर्वक अपने भाई सिद्धार्थ की कलाई पर राखी बांधी तो भावनाओं का बांध टूट पड़ा। इस मार्मिक पल में दोनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। रिश्तों की मिठास के आगे विवाद की दीवार छोटी पड़ गई। राखी बांधने के बाद भाई-बहन के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ दिखाई दी। दोनों बच्चों ने इस भावुक पल को संभव बनाने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के प्रति आभार व्यक्त किया।
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में दिखा भावुक पल -
दोनों बच्चों को परिवार के साथ रॉबर्ट्सगंज थाने बुलाया गया। लंबे समय बाद आमने-सामने आए भाई-बहन कुछ पल के लिए एक-दूसरे को निहारते रहे। इसके बाद आराध्या ने अपने भाई सिद्धार्थ की कलाई पर राखी बांधी। राखी बांधते ही दोनों के चेहरों पर खुशी की चमक आ गई और भावनाओं से आंखें नम हो गईं। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए भी भावुक कर देने वाला था। एक तरफ पारिवारिक विवाद की वजह से दूरियां थीं, तो दूसरी ओर भाई-बहन के स्नेह ने उन दूरियों को कुछ पल के लिए भुला दिया। बहन के हाथों से भाई की कलाई पर बंधी राखी ने यह एहसास कराया कि रिश्तों की डोर परिस्थितियों की तमाम दीवारों से कहीं अधिक मजबूत होती है। राखी बांधने के बाद दोनों बच्चों ने खुशी जाहिर की और इस भावुक मिलन को संभव बनाने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के प्रति आभार जताया।




