Sonbhadra News : 80वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुटा प्रशासन, गरिमामय आयोजन के लिए डीएम ने दिए सख्त निर्देश
आगामी 80वें स्वतंत्रता दिवस के भव्य एवं गरिमामय आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक......

sonbhadra
11:08 PM, August 5, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आगामी 80वें स्वतंत्रता दिवस के भव्य एवं गरिमामय आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में स्वतंत्रता दिवस से जुड़े सभी कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियाँ पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और गौरव का पर्व है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रत्येक कार्यक्रम को अनुशासित, भव्य और जनभागीदारी आधारित बनाएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए तथा व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराया जाए। संबंधित उपजिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के कम से कम दो वार्डों का स्वयं निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें साथ ही 13 से 15 अगस्त तक सभी सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक भवनों तथा स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों को आकर्षक तिरंगा प्रकाश व्यवस्था से सजाया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि 15 अगस्त को प्रातः प्रभात फेरी, क्रॉस कंट्री रेस, सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान, विद्यालयों में वृक्षारोपण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, खेलकूद प्रतियोगिताएं तथा दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए विशेष खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही समसामयिक विषयों पर गोष्ठियां आयोजित कर युवाओं में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
उन्होंने संबंधित विभागों को प्रभात फेरी, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, चिकित्सा, एम्बुलेंस तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि स्वतंत्रता दिवस का प्रत्येक कार्यक्रम सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चंद्र, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




