Sonbhadra News : सोन नदी में बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट, एसडीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
नदी के बढ़ते जलस्तर और इससे आसपास के क्षेत्रों में उत्पन्न होने वाली संभावित परिस्थितियों को लेकर उपजिलाधिकारी ओबरा रवि कुमार ने शुक्रवार को सोन नदी के तटवर्ती क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

sonbhadra
9:26 PM, August 21, 2026
घनश्याम पांडे/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । सोन नदी में लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। नदी के बढ़ते जलस्तर और इससे आसपास के क्षेत्रों में उत्पन्न होने वाली संभावित परिस्थितियों को लेकर उपजिलाधिकारी ओबरा रवि कुमार ने शुक्रवार को सोन नदी के तटवर्ती क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर नदी के जलस्तर की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान एसडीएम रवि कुमार ने सोन नदी में पानी के जलस्तर की निगरानी के लिए लगाए गए माप गेज का अवलोकन किया। उन्होंने गेज के माध्यम से नदी के वर्तमान जलस्तर की जानकारी ली और जलस्तर में हो रही बढ़ोतरी पर लगातार नजर बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदी के जलस्तर में यदि लगातार वृद्धि होती है तो संबंधित विभाग तत्काल इसकी सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।इसके बाद एसडीएम ने सोन नदी के किनारे स्थित रेलवे के पम्प हाउस का भी निरीक्षण किया। वहां मौजूद रेलवे कर्मी से उन्होंने बढ़ते जलस्तर के कारण पानी की सप्लाई पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव के संबंध में जानकारी ली।उन्होंने पम्प हाउस की वर्तमान स्थिति, पानी की आपूर्ति तथा नदी के जलस्तर बढ़ने की स्थिति में आने वाली संभावित समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी एकत्रित की। एसडीएम ने मौके पर मौजूद राजस्व कर्मियों को नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी बनाए रखने तथा तटवर्ती क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयार रहना है। जलस्तर में किसी भी प्रकार की असामान्य वृद्धि होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए गए।स्थलीय निरीक्षण के दौरान राजस्व निरीक्षक सुरेन्द्र नाथ मिश्रा, क्षेत्रीय लेखपाल चंदन शर्मा, लोकेश मिश्रा, पूर्व प्रधान दयाशंकर निषाद, भाजपा नेता प्रदीप अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। मौके पर मौजूद लोगों से भी एसडीएम ने नदी के जलस्तर और आसपास की स्थिति के संबंध में जानकारी ली।प्रशासन द्वारा सोन नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से भी सावधानी बरतने तथा नदी के किनारे अनावश्यक रूप से न जाने की अपील की जा रही है। अधिकारियों की सक्रियता के चलते संभावित खतरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।




