Sonbhadra News : कोलकाता की घटना के बाद प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने किया पैदल मार्च
जिलाधिकारी ने कहा कि नवरात्र, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

sonbhadra
9:53 PM, October 18, 2026
शांतनु कुमार
० डीएम-एसपी ने दुर्गा पूजा पंडालों का किया निरीक्षण
० श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता- जिलाधिकारी
सोनभद्र। कोलकाता के चोरबागान में दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के बाद सोनभद्र में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने खुद कमान संभाली और रॉबर्ट्सगंज में बढौली चौक से शीतला मंदिर चौराहे तक पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्गा पूजा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित रखी जाए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नवरात्र, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने तथा व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज आशीष त्रिपाठी, सीओ सिटी रणधीर मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।




