Sonbhadra News : नशा नाश की जड़, इससे दूर रहकर ही संवारा जा सकता है बच्चों का भविष्य- अभय कुमार शर्मा
तिलहर जैसे सुदूर इलाके से भी बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर, अधिकारी, समाजसेवी, राजनेता और अभिनेता बन सकते हैं, लेकिन इसके लिए समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना होगा।

sonbhadra
7:36 PM, November 14, 2026
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
० तिलहर गांव में चलाया गया नशा मुक्ति संकल्प अभियान
० ग्रामीणों ने लिया नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प
घोरावल (सोनभद्र)। घोरावल ब्लॉक की दुगौलिया ग्राम पंचायत के अति पिछड़े आदिवासी बाहुल्य गांव तिलहर में नशा मुक्ति संकल्प अभियान ‘अभय’ के अंतर्गत विचार गोष्ठी एवं जागरूकता पदयात्रा निकालकर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार अभय कुमार शर्मा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि हम सभी को नशीले पदार्थों का त्याग करना चाहिए, तभी अपने बच्चों को बेहतर परिवेश और उज्ज्वल भविष्य दे सकेंगे। तिलहर जैसे सुदूर इलाके से भी बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर, अधिकारी, समाजसेवी, राजनेता और अभिनेता बन सकते हैं, लेकिन इसके लिए समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना होगा। यह बदलाव एक दिन में संभव नहीं है, बल्कि निरंतर प्रयास और क्रमिक सुधार से ही आएगा। उन्होंने कहा कि नशे के कारण घरेलू हिंसा, चोरी, सड़क दुर्घटनाएं और विभिन्न शारीरिक बीमारियां जन्म लेती हैं। कुल मिलाकर नशा नाश की जड़ है, इससे नुकसान के अलावा कोई लाभ नहीं है। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आवाज की नकल करते हुए उनके द्वारा चलाए गए नशामुक्ति अभियान का उल्लेख किया और ग्रामीणों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के सहयोगी बालडीह ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि कमलेश यादव ने कहा कि नशा समाज में व्याप्त एक बड़ी बुराई है, जिसके खिलाफ सभी को मिलकर लड़ना होगा। उन्होंने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि अभय शर्मा जैसी सुप्रसिद्ध शख्सियत जनपद के सुदूर क्षेत्र में पहुंचकर जमीनी हकीकत को समझ रही हैं और नशे के खिलाफ आवाज बुलंद कर रही हैं।
राजकुमार पांडेय ने ग्रामीणों से नशा न करने का संकल्प लेने की अपील की। वहीं कार्यक्रम प्रभारी अजय शर्मा ने कहा कि उनका इस गांव से पुराना संबंध है। उन्होंने कुछ महीने पूर्व मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी के तिलहर गांव दौरे की सराहना करते हुए कहा कि उनके आगमन से गांव के विद्यालय में काफी सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है। इससे बच्चों और ग्रामीणों में उम्मीद की नई किरण जगी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से सुदूर गांवों में शिक्षा और विकास का माहौल मजबूत होता है। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि नशे की गिरफ्त में आए लोग भी इससे बाहर निकलकर अपने परिवार और बच्चों के भविष्य के बारे में गंभीरता से विचार करेंगे।
इस अवसर पर गांव के शिक्षक वीरेंद्र सिंह ने नशामुक्ति अभियान को लेकर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि गांव में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के दौरान कई तरह की चुनौतियों और समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद बच्चों को नशे की बुराई से दूर रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय परिसर और उसके आसपास नशा करने पर रोक लगाने के लिए भी नियम बनाए गए हैं, ताकि बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि बच्चों को नशे से बचाने के लिए विद्यालय, अभिभावकों और समाज सभी को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी।
कार्यक्रम संयोजक यूथ आइकॉन सौरभ कांत पति तिवारी ने कहा कि पूर्व में भी उन्हें इस गांव में आने का अवसर मिला था। कोरोना काल के दौरान यहां राशन वितरण किया गया था। आज नशा मुक्ति संकल्प अभियान ‘अभय’ के माध्यम से ग्रामीणों के बीच पहुंचकर नशे से होने वाली बीमारियों और दुष्प्रभावों पर चर्चा करना सुखद अनुभव रहा। उन्होंने ग्रामीणों को नशा न करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया।
हिमांशु श्रीवास्तव ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए अभय शर्मा के प्रति आभार जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से निश्चित रूप से ग्रामीणों में जागरूकता आएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामवृक्ष ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यधारा से जुड़े लोगों, कलाकारों और अधिकारियों का गांव में नियमित आगमन होता रहे तो निश्चित रूप से ग्रामीण परिवेश में सकारात्मक बदलाव आएगा।
इस अवसर पर शिक्षक वीरेंद्र सिंह, अनिल यादव, सियाराम, मनोगी, श्याम सुंदर, साजन, राजन, सुरेंद्र, जयराम, हवलदार, राजू, सरोज, कौशल्या, फूल कुमारी, रीता, सीमा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




