Sonbhadra News : यदि बारात या लॉन की लापरवाही से लगा जाम, तो फिर कार्रवाई तय - सीओ सिटी
क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने रॉबर्ट्सगंज कोतवाली परिसर में शुक्रवार को मैरेज लान, होटल संचालकों एवं डीजे संचालकों के साथ बैठक की। बैठक का उद्देश्य जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने......

sonbhadra
9:40 AM, February 14, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने रॉबर्ट्सगंज कोतवाली परिसर में शुक्रवार को मैरेज लान, होटल संचालकों एवं डीजे संचालकों के साथ बैठक की। बैठक का उद्देश्य जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखना है। सीओ सिटी रणधीर कुमार मिश्र ने कहा कि वैवाहिक सत्र को देखते हुए संभावित समस्याओं जैसे अत्यधिक ध्वनि, सड़क जाम, असलहों का प्रदर्शन, नशे का सेवन एवं अव्यवस्थित पार्किंग पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी संचालकों को स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान निर्देश दिए गए कि ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण रात साढे़ 10 बजे के बाद किसी भी दशा में डीजे नहीं बजेगा। निर्धारित समयसीमा के उल्लंघन पर संबंधित डीजे संचालक एवं मैरेज लान, गेस्ट हाउस प्रबंधन के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। यातायात व्यवस्था बारात या जुलूस के दौरान सड़क पूर्णत: अवरुद्ध नहीं की जाएगी। कम से कम आधी सड़क यातायात के लिए खाली रखना अनिवार्य होगा, जिससे आमजन को असुविधा न हो। अवैध गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध: मैरेज लान, गेस्ट हाउस में असलहों का प्रदर्शन एवं हर्ष फायरिंग पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पार्किंग प्रबंधन आयोजनों में आने वाले वाहनों के लिए पर्याप्त एवं सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सड़क किनारे अवैध पार्किंग नहीं होने दी जाएगी। सभी मैरेज लान, गेस्ट हाउस में मुख्य प्रवेश द्वार, पार्किंग स्थल एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से स्थापित एवं क्रियाशील रखे जाएंगे। मैरेज लान, गेस्ट हाउस परिसर में किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।
सीओ ने सभी संचालकों से अपील किया कि वे सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखें तथा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में आयोजन संपन्न कराएं।



