Sonbhadra News : लेखपाल संघ ने कार्य बहिष्कार और धरना किया स्थगित, छह मांगों पर बनी सहमति
लेखपाल संघ की ओर से जिलाधिकारी सोनभद्र को भेजे गए पत्र में बताया गया कि लेखपाल संवर्ग से जुड़ी मांगों पर सहमति बनने के बाद आंदोलन को स्थगित किया गया है।

sonbhadra
5:45 PM, October 7, 2026
- नौवे दिन खत्म हुआ प्रशासन और लेखपाल के बीच गतिरोध
:शांतनु कुमार
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज तहसील में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लेखपाल संघ द्वारा चलाया जा रहा अनवरत सम्पूर्ण कार्य बहिष्कार और धरना बुधवार को स्थगित कर दिया गया। संघ के पदाधिकारियों और उप जिलाधिकारी व तहसीलदार राबर्ट्सगंज के बीच हुई सहमति के बाद यह निर्णय लिया गया।
लेखपाल संघ की ओर से जिलाधिकारी सोनभद्र को भेजे गए पत्र में बताया गया कि लेखपाल संवर्ग से जुड़ी मांगों पर सहमति बनने के बाद आंदोलन को स्थगित किया गया है।
संघ के अनुसार, लेखपालों के खिलाफ की गई समस्त दंडात्मक कार्रवाई समाप्त किए जाने, कार्य बहिष्कार के दिनों का वेतन बाधित नहीं किए जाने तथा भविष्य में सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया के माध्यम से लेखपालों की छवि धूमिल नहीं किए जाने पर सहमति बनी है।
इसके अलावा संघ ने मांग रखी थी कि किसी लेखपाल के खिलाफ बदले की भावना से कोई कार्रवाई न की जाए। इस पर भी सहमति जताई गई। भविष्य में किसी लेखपाल के खिलाफ गंभीर शिकायत मिलने पर कार्रवाई शुरू करने से पहले संघ के पदाधिकारियों को संज्ञान में लेते हुए मामले की वास्तविकता की जांच कराने की बात कही गई है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि लेखपाल रामचन्द्र के खिलाफ की गई विभागीय कार्रवाई को निर्दोष पाए जाने के बाद समाप्त कर दिया गया है।
इन मांगों पर सहमति बनने के बाद लेखपाल संघ उपशाखा तहसील राबर्ट्सगंज ने अपना सम्पूर्ण कार्य बहिष्कार और धरना स्थगित करने की घोषणा की। संघ ने कहा कि सहमति के आधार पर अब लेखपाल अपने नियमित कार्य पर लौटेंगे।




