Sonbhadra News : एबीवीपी ने शुरू किया सदस्यता अभियान, जिले में 22,185 विद्यार्थियों व 250 शिक्षकों को जोड़ने का लक्ष्य
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) सोनभद्र ने सत्र 2026-27 के सदस्यता अभियान का विधिवत शुभारंभ करते हुए जिले में 22,185 विद्यार्थियों एवं 250 शिक्षकों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित.......

पत्रकार वार्ता करते ABVP के पदाधिकारी.......
sonbhadra
5:57 PM, July 28, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) सोनभद्र ने सत्र 2026-27 के सदस्यता अभियान का विधिवत शुभारंभ करते हुए जिले में 22,185 विद्यार्थियों एवं 250 शिक्षकों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस अभियान के माध्यम से छात्र-छात्राओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व, शिक्षा सुधार और व्यक्तित्व विकास की गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसकी जानकारी सोमवार को रॉबर्ट्सगंज स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी गई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एबीवीपी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन निषाद पदाधिकारियों ने कहा कि "अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो स्थापना काल से ही छात्रहित, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, राष्ट्रवाद, सामाजिक समरसता एवं व्यक्तित्व निर्माण के उद्देश्य से कार्य करता आ रहा है। परिषद केवल छात्र समस्याओं के समाधान तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित कर उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का भी कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान जिले के सभी महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, इंटरमीडिएट विद्यालयों, व्यावसायिक एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों में चलाया जाएगा। अभियान के दौरान छात्र संवाद, परिसर संपर्क अभियान, परिचय वर्ग, व्यक्तित्व विकास कार्यशालाएं, छात्र सम्मेलन, संगोष्ठियां, प्रतियोगिताएं तथा सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को सकारात्मक सोच और संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जा सके।"
पत्रकार वार्ता में दिसंबर 2025 में आयोजित अभाविप के 65वें प्रांत अधिवेशन का उल्लेख करते हुए बताया गया कि परिषद ने सोनभद्र में प्रदेश के पहले खनिज विद्यालय (मिनरल स्कूल) की स्थापना तथा माइनिंग से संबंधित उच्च शिक्षा एवं तकनीकी पाठ्यक्रम शुरू किए जाने का प्रस्ताव पारित किया था। परिषद ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इस मांग को स्वीकार करते हुए सोनभद्र में प्रदेश के प्रथम खनिज विद्यालय की स्थापना और माइनिंग पाठ्यक्रम शुरू करने की घोषणा जनपद के विद्यार्थियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगारपरक एवं तकनीकी शिक्षा अपने ही जिले में उपलब्ध होगी और खनन क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार होंगे।
अभाविप पदाधिकारियों ने सरकार से मांग की कि घोषित परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारा जाए, ताकि जनपद के छात्र-छात्राओं को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि आगामी सत्र में परिषद शिक्षा की गुणवत्ता, नियमित कक्षाएं, पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला की व्यवस्था, छात्रवृत्ति, रोजगारपरक शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा शिक्षण संस्थानों की मूलभूत सुविधाओं जैसे मुद्दों पर भी सक्रियता से कार्य करेगी। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, मतदाता जागरूकता, रक्तदान, सामाजिक समरसता और सेवा गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज के प्रति जिम्मेदार बनाने का अभियान भी जारी रहेगा।
पत्रकार वार्ता को प्रांत संयोजक अनमोल सोनी, विभाग संयोजक अमन जायसवाल, अमन तथा जिला संयोजक राहुल जालान ने संबोधित किया। इस अवसर पर नगर मंत्री धर्मेश पाण्डेय, सक्षम पाण्डेय, सत्यम शुक्ला सहित बड़ी संख्या में अभाविप कार्यकर्ता एवं पत्रकार उपस्थित रहे।




