Sonbhadra News: पटवध तिराहे पर सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर, जिला अस्पताल रेफर.
चोपन थाना क्षेत्र के पटवध गांव स्थित अमिला मोड़ (पटवध तिराहा) पर मंगलवार रात करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

sonbhadra
12:48 AM, July 8, 2026
घनश्याम पार्टी/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । चोपन थाना क्षेत्र के पटवध गांव स्थित अमिला मोड़ (पटवध तिराहा) पर मंगलवार रात करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। डिवाइडर से टकराने के बाद बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान शाहनवाज हुसैन पुत्र निसार अली निवासी रामगढ़, थाना पन्नूगंज के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल 24 वर्षीय अंकित गुप्ता पुत्र सोनू गुप्ता, निवासी रामगढ़, थाना पन्नूगंज को बेहतर उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया है। चिकित्सकों के मुताबिक घायल के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक तेज रफ्तार में थी और पटवध तिराहे के पास चालक का संतुलन बिगड़ने से वाहन डिवाइडर से टकरा गया । टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोढ़ी स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




