Sonbhadra News : घर के बाहर सो रहे युवक को डम्फर ने कुचल, मौत
कस्बे के वार्ड नंबर 10 में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में घर के बाहर चारपाई पर सो रहे युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सिकंदर सोनकर (28) पुत्र स्वर्गीय पप्पू सोनकर के रूप में हुई है।

sonbhadra
9:02 PM, May 29, 2026
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल (सोनभद्र) । कस्बे के वार्ड नंबर 10 में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में घर के बाहर चारपाई पर सो रहे युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सिकंदर सोनकर (28) पुत्र स्वर्गीय पप्पू सोनकर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रात सिकंदर अपने घर के बाहर चारपाई पर लेटा हुआ था। उसी दौरान नगर पंचायत में बन रही सड़क के कार्य में इस्तेमाल होने वाली बालू-सोलिंग उतारने के लिए एक डंपर वहां पहुंचा। मटेरियल अनलोड करने के बाद जब डंपर वापस निकल रहा था, तभी वाहन का पहिया चारपाई पर चढ़ गया और सिकंदर उसके नीचे आ गया। हादसे में उसका सिर बुरी तरह कुचल गया और मौके पर ही उसकी हालत गंभीर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पास में मौजूद एक युवक ने शोर मचाया, लेकिन तब तक डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो चुका था। चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को क्षतिग्रस्त चारपाई समेत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि सिकंदर मंडी में फल बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था और तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए और माहौल गमगीन हो गया।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी इंचार्ज त्रिभुवन राय ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कराई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई पंकज सोनकर की तहरीर पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।




