Sonbhadra News : अवैध बालू का परिवहन करते एक ट्रैक्टर धराया, ट्रैक्टर ट्राली जब्त
बीती रात्रि वन विभाग की टीम ने बालू का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर को ट्राली समेत पकड़कर सीज कर दिया है इस मामले में एक नामजद एवं दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है

सोनभद्र
1:34 PM, October 9, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। वन विभाग ने अवैध बालू के परिवहन के खिलाफ बीते रात्रि में बैरखड़ बीट में कनहर नदी से अवैध रूप से बालू परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त करते हुए एक नामजद समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वन रेंजर रत्नेश कुमार ने बताया कि बीते रात्रि लगभग 1:15 बजे मुखबिर की सूचना पर बैरखड़ बीट के अंतर्गत हरपुरा गाँव के समीप वन टीम ने घेराबंदी की। मौके पर एक नीले रंग का पावरट्रैक ट्रैक्टर मय ट्राली में लगभग एक घन मीटर बालू का अवैध परिवहन करते हुए पाया गया।मौके से ट्रैक्टर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। ट्रैक्टर मालिक की पहचान राजेन्द्र गुप्ता पुत्र भोला गुप्ता निवासी ग्राम हरपुरा, विंढमगंज के रूप में हुई है।इस संबंध में आरोपी राजेन्द्र गुप्ता व एक-दो अज्ञात के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम-1927 (यथासंशोधित 2000) की धारा 41/42 व 69 के तहत अपराध पंजीकृत कर बरामद ट्रैक्टर-ट्राली मय बालू को रेंज परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।




