Sonbhadra News : ₹2.75 लाख कीमत की हेरोइन के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में ओबरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बिल्ली क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 27.10 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद....

पुलिस की हिरासत में हेरोइन तस्कर.....
sonbhadra
6:36 PM, August 10, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा । नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में ओबरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बिल्ली क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 27.10 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 2.75 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से हेरोइन की तौल और बिक्री में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक तराजू, चिमटी, दो मोबाइल फोन और 1,300 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनिल कुमार के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण में ओबरा पुलिस ने यह कार्रवाई की।
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी -
पुलिस के अनुसार रविवार की शाम थाना ओबरा पुलिस टीम रविदास नगर वार्ड नंबर-1, बिल्ली में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक युवक को संदिग्ध अवस्था में रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कब्जे से 27.10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के रविदास नगर वार्ड नंबर-1 बिल्ली निवासी रितेश जायसवाल (23वर्ष) पुत्र सुरेश जायसवाल के रूप में की।
हेरोइन के साथ बिक्री में इस्तेमाल होने वाला सामान भी बरामद -
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हेरोइन के अलावा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक की-पैड मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, पत्ती लगी काले रंग की चिमटी और 1,300 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस बरामद सामान के आधार पर नशे के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज -
बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना ओबरा में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
ये पुलिसकर्मी रहे शामिल -
अभियुक्त की गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुनील कुमार, चौकी प्रभारी कस्बा ओबरा, हेड कांस्टेबल संतोष पटेल, कांस्टेबल प्रदीप कुमार और कांस्टेबल राहुल श्रीवास शामिल रहे।




