Sonbhadra News : मारपीट में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगा किया घंटों हंगामा
रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत घुवास कला गांव में दो दिन पूर्व हुई मारपीट के दौरान घायल व्यक्ति की सोमवार को उपचार के दौरान मौत हो गयी, जिसके बाद आक्रोशित परिजनों और आजाद समाज पार्टी के.....

sonbhadra
10:09 PM, September 23, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• जिला अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप लगा आजाद समाज पार्टी ने डीएम को सौंपा पत्रक
सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत घुवास कला गांव में दो दिन पूर्व हुई मारपीट के दौरान घायल व्यक्ति की सोमवार को उपचार के दौरान मौत हो गयी, जिसके बाद आक्रोशित परिजनों और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उपचार को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल गेट पर घंटों हंगामा किया। वहीं लगभग तीन घंटे बाद पुलिस ने मारपीट और इसके चलते हुई मौत के मामले में कड़ी कार्रवाई का भरोसा देने के साथ ही, परिवार के शेष घायल व्यक्तियों के उपचार में हर संभव मदद का भरोसा दिया, तब जाकर नाराजगी जता रहे लोग शांत हुए।
इसके बाद आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष रविकांत की अगुवाई में कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपर जिलाधिकारी सहदेव मिश्र को जिलाधिकारी को संबोधित शिकायती पत्र सौंपा और जिला अस्पताल में आए दिन लापरवाही के चलते मरीजों की होने वाली मौत की तरफ ध्यान आकृष्ट कराते हुए प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की।
यह है पूरा प्रकरण -
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के घुवास कला गांव में गत शनिवार की रात गांव के ही दबंग किस्म के लोगों ने, घर में घुसकर एक दलित परिवार की बेरहमी से पिटाई कर दी थी। इस मारपीट में दंपति और उनके बेटे-बहू गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मारपीट में घायल दम्पति गुड्डू (40वर्ष) पुत्र चन्नूल, पत्नी निर्मला (36वर्ष), बेटा दिनेश (22वर्ष) और पुत्रवधू संजू (20वर्ष) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार की सुबह नौ गुड्डू की जिला अस्पताल में ही उपचार के दौरान मौत हो गई। गुड्डू के मौत की खबर जैसे ही परिजनों को लगी उनका गुस्सा भड़क उठा। जिसके बाद गुस्साए परिजनों और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल की गेट पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया गया। वहीं आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रविकांत ने आरोप लगाते हुए कहा कि गुड्डू के पेट में शाम से दर्द हो रहा था। वह और उसकी पत्नी बार-बार डाक्टरों को निवेदन कर रहे थे। बावजूद डॉक्टरों ने उन्हें सिर्फ नर्सों के सहारे छोड़ दिया। इसके चलते गुड्डू की मौत हो गई। उनका कहना था कि लापरवाही के कारण आये दिन जिला अस्पताल में इस तरह की घटना होती रहती है और सबसे बड़ी बात कि किसी भी मामले में आज तक किसी चिकित्सक पर कोई कार्यवाही नहीं हुई जिससे उनके हौसले बुलंद रहते हैं।
तत्कालीन समय में छेड़खानी के विरोध पर मारपीट का मामला सामने आया था। हालांकि क्षेत्राधिकार डॉ0 चारू द्विवेदी ने बताया कि मामले की जांच में छेड़खानी का आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। बच्चों के विवाद को लेकर मारपीट की बात सामने आई है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
उच्च स्तरीय कमेटी गठित कर कराई जाए मामले की जांच -
जिला अस्पताल गेट पर लगभग तीन घंटे तक चल धरना प्रदर्शन के बाद आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष रविकांत की अगुवाई में कलेक्ट्रेट पहुंच जिला अस्पताल के लापरवाहीपूर्ण कार्यप्रणाली की जहाँ उच्च स्तरीय कमेटी गठित कर जाँच कराने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की मांग की, वहीं घटना के आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की भी मांग की।
क्या दोषियों पर होगी कोई कार्यवाही यह भी एक सवाल -
घटना के बाद जिला अस्पताल में डॉक्टरों की लापरवाहीपूर्ण कार्य प्रणाली एकबार फिर उजागर हुई है। पूर्व में भी कई मामलों में जिला अस्पताल में इस तरह की लापरवाहीपूर्ण कार्यप्रणाली सामने आ चुकी है और इसकी उच्चस्तरीय अधिकारियों से शिकायत भी दर्ज कराई गयी है लेकिन आज तक ना तो किसी भी जाँच की रिपोर्ट सामने आयी और ना ही किसी लापरवाह डॉक्टर के विरुद्ध कोई कार्यवाही की गयी। ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा कि गुड्डू मौत प्रकरण के जाँच के लिए डीएम कोई उच्चस्तरीय समिति गठित करते हैं या फिर पूर्व के मामलों की तरह इस प्रकरण की जाँच भी सीएमएस स्तर से कराने का निर्देश देते हैं। और जांच के बाद भी क्या दोषियों पर कार्रवाई होगी या पूर्व के मामला की ही भांति यह जाँच भी कुछ दिनों बाद ठंडे बस्ते में चला जायेगा।




