Sonbhadra News : नाबालिग की ₹1.20 लाख में खरीद कर कराई थी जबरन शादी, मानव तस्करी गिरोह का एक और आरोपी गिरफ्तार
मानव तस्करी एवं नाबालिग बालिका की खरीद-फरोख्त के चर्चित मामले में सोनभद्र पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) यूनिट और रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने ₹1.20 लाख......

रॉबर्ट्सगंज पुलिस द्वारा गिरफ्तार मानव तस्करी गिरोह का सदस्य....
sonbhadra
5:27 PM, July 11, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• आरोपी पर दुष्कर्म का पुराना मुकदमा भी है विचाराधीन
सोनभद्र । मानव तस्करी एवं नाबालिग बालिका की खरीद-फरोख्त के चर्चित मामले में सोनभद्र पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) यूनिट और रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने ₹1.20 लाख में नाबालिग बालिका की खरीद कर उसका जबरन विवाह कराने के आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, लगातार दबिश और मुखबिर की सूचना के आधार पर 10 जुलाई को रेलवे स्टेशन सोनभद्र स्थित बीएसएनएल गेट के पास से आरोपी अमित कुमार पुत्र अशोक पंडित, निवासी पक्की सराय, थाना सासनीगेट, जनपद अलीगढ़ को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, रॉबर्ट्सगंज थाने में दर्ज मानव तस्करी, पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट के मामले की विवेचना के दौरान पीड़िता के न्यायालय में दर्ज कराए गए बयानों एवं अन्य साक्ष्यों से आरोपी की सक्रिय भूमिका सामने आई। जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि नाबालिग बालिका को मानव तस्करी के जरिए अलीगढ़ ले जाकर उसकी खरीद-फरोख्त की गई और बाद में उसका जबरन विवाह कराया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि सहअभियुक्त बिंदु, सोनी और शिव सिंह उर्फ रामलाल के माध्यम से पीड़िता को अलीगढ़ लाया गया था। इसके बाद उसने अपने पिता अशोक पंडित के साथ मिलकर करीब ₹1.20 लाख देकर नाबालिग को खरीदा और अपने छोटे भाई राहुल कुमार से उसकी जबरन शादी कराई। आरोपी ने यह भी कबूल किया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद वह पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2018 में अलीगढ़ के सासनीगेट थाने में दुष्कर्म, मारपीट और धमकी देने का मुकदमा दर्ज है, जिसमें आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है और मामला विचाराधीन है।
पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपितों की तलाश जारी है तथा मानव तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।




