Sonbhadra News : ऑनलाइन नेग देने के बहाने आशा कार्यकर्ता से 93 हजार रूपये की ठगी
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नेग देने के नाम पर एक आशा से 93 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। तहरीर मिलने के बाद कोतवाली पुलिस जांच में जुट गयी है।

sonbhadrae
9:32 AM, September 15, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नेग देने के नाम पर एक आशा से 93 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। तहरीर मिलने के बाद कोतवाली पुलिस जांच में जुट गयी है।
नगरीय क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता लक्ष्मी देवी ने कुछ दिनों पूर्व रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के राॅबर्टसगंज नगर निवासी एक महिला का सुरक्षित प्रसव कराया था, जिससे महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया था। महिला का पति घर से बाहर रहता है। इस बीच एक व्यक्ति ने खुद को महिला का पति बताते हुए आशा कार्यकर्ता को फोन कर धन्यवाद दिया और उसके बेहतर कार्य की प्रशंसा करते हुए नेग देने की बात कही। आशा कार्यकर्ता के इंकार करने पर भी वह जिद करते हुए कहा कि आप पत्नी का ख्याल रखिएगा। मैंने आपके फोन पर नेग का पैसा भेजा है, चेक कर लिजिए। उसने एक लिंक भेजा, जिसमें कोड डालना पड़ा। चार-पांच बार में उसने 93593 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। कुछ दिनों बाद ज़ब आशा कार्यकर्ता लक्ष्मी देवी किसी काम से एटीएम पैसा निकालने पहुंची तब खाता खाली मिला। उसने कुछ दिनों पूर्व ही फोन-पे बनाया था।
जिसके बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस से किया है। वहीं पुलिस मामले की जाँच-पड़ताल में जुट गयी है।




