Sonbhadra News : 60 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गूंजे शहनाई और मंगलगीत
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मंगलवार को मुसही (चुर्क रोड) स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में 60 जोड़े परिणय सूत्र में बंध गए। पूरे परिसर में शहनाइयों की मधुर.....

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का दृश्य......
sonbhadra
6:56 PM, June 23, 2026
आनन्द कुमार चौबे/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
• 58 हिंदू और 2 मुस्लिम जोड़ों का रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ विवाह, जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद
सोनभद्र । मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मंगलवार को मुसही (चुर्क रोड) स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में 60 जोड़े परिणय सूत्र में बंध गए। पूरे परिसर में शहनाइयों की मधुर धुन, मंगलगीतों की गूंज और नवदंपत्तियों के चेहरों पर नई जिंदगी की खुशियां देखने को मिलीं। सामाजिक समरसता और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानजनक सहयोग देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में 58 हिंदू और 2 मुस्लिम जोड़ों का विवाह उनके धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया।
गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान है मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना -
समारोह में सांसद छोटेलाल खरवार, विधायक भूपेश चौबे, ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत, नगर पंचायत अध्यक्ष रूबी प्रसाद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। मंच से वक्ताओं ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान बताते हुए कहा कि यह योजना सामाजिक सुरक्षा और सम्मान का मजबूत माध्यम बन रही है।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए जोड़ों में विकास खंड रॉबर्ट्सगंज के 32, चतरा के 13, नगवां के 5, नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज के 8 तथा नगर पंचायत चुर्क के 2 जोड़े शामिल रहे। विवाह स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और प्रशासन की ओर से सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से की गई थीं।
हर जोड़े को एक लाख रुपये की सहायता -
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को कुल एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजे जाते हैं, जबकि 21 हजार रुपये की गृहस्थी सामग्री एवं उपहार दिए जाते हैं। शेष राशि विवाह समारोह के आयोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर व्यय की जाती है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में समाज कल्याण विभाग, विकास विभाग और पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रविंद्र वीर सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
दुद्धी और शाहगंज में भी बजेगी शहनाई -
जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि "मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 24 जून को दुद्धी तथा 29 जून को शाहगंज में भी सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिल सके।"




