Sonbhadra News : रॉबर्ट्सगंज से बिहार बॉर्डर तक 51 किमी हाईवे होगा चौड़ा, ₹150 करोड़ की योजना तैयार
जिले में सड़क नेटवर्क को मजबूत और सुरक्षित बनाने की दिशा में लोक निर्माण विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। रॉबर्ट्सगंज से रामगढ़–पन्नूगंज होते हुए खलियारी के रास्ते बिहार बॉर्डर तक जाने वाले स्टेट हाईवे..…

sonbhadra
9:31 AM, April 6, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले में सड़क नेटवर्क को मजबूत और सुरक्षित बनाने की दिशा में लोक निर्माण विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। रॉबर्ट्सगंज से रामगढ़–पन्नूगंज होते हुए खलियारी के रास्ते बिहार बॉर्डर तक जाने वाले स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। इसके लिए विभाग की ओर से विस्तृत एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है और जल्द ही बजट स्वीकृत होने की उम्मीद जताई जा रही है।
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता मनोज नाईक ने बताया कि "इस परियोजना के तहत करीब 51 किलोमीटर लंबी सड़क को 7 मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इससे सड़क की चौड़ाई तीन मीटर बढ़ जाएगी, जिससे यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम होने की संभावना है।"
विभागीय जानकारी के अनुसार रॉबर्ट्सगंज से रामगढ़ तक लगभग 16 किलोमीटर सड़क पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अंतर्गत आती है, जबकि रामगढ़ से खलियारी होते हुए बिहार बॉर्डर तक करीब 35 किलोमीटर सड़क निर्माण खंड द्वितीय के अधीन है। दोनों खंडों की ओर से सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया गया है।
इस परियोजना पर लगभग 140 से 150 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा। सड़क चौड़ी होने से क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में मदद मिलेगी और दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है। साथ ही बिहार के साथ कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी, जिससे व्यापार और आवागमन को भी गति मिलेगी।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक सड़क चौड़ीकरण का पहला चरण पहले ही शुरू हो चुका है। मिर्जापुर जिले के मड़िहान-कलवारी बॉर्डर से घोरावल होते हुए रॉबर्ट्सगंज धर्मशाला चौक तक स्टेट हाईवे को लगभग 10 मीटर चौड़ा करने का कार्य करीब 139 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है।
दूसरे चरण में रॉबर्ट्सगंज रेलवे क्रॉसिंग से रामगढ़–पन्नूगंज, खलियारी होते हुए बिहार बॉर्डर तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता शैलेश ठाकुर ने बताया कि "रॉबर्ट्सगंज से रामगढ़ के बीच पड़ने वाले 16 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। बजट स्वीकृत होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।"



