Sonbhadra News : 45 लाख के 302 मोबाइल बरामद, CEIR पोर्टल के दम पर यूपी में दूसरे नंबर पर पहुंची सोनभद्र पुलिस
आधुनिक तकनीक और सतत पुलिसिंग के दम पर सोनभद्र पुलिस ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। खोए और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जनपद ने पूरे उत्तर प्रदेश में अपनी अलग पहचान....

sonbhadra
4:45 PM, June 21, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आधुनिक तकनीक और सतत पुलिसिंग के दम पर सोनभद्र पुलिस ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। खोए और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जनपद ने पूरे उत्तर प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है। CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल के माध्यम से पुलिस ने मई 2026 से अब तक 302 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है।
सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि मई-2026 में मोबाइल बरामदगी के मामलों में 66 प्रतिशत सफलता दर हासिल कर सोनभद्र पुलिस ने पूरे उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि पुलिस की तकनीकी दक्षता, सतर्क निगरानी और प्रभावी कार्यप्रणाली का प्रमाण मानी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल के मार्गदर्शन में सर्विलांस सेल, एसओजी और जनपद के सभी थानों की संयुक्त टीमों ने CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन ट्रेस करने का अभियान चलाया। तकनीकी विश्लेषण और लगातार मॉनिटरिंग के जरिए विभिन्न क्षेत्रों से गुम हुए मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए गए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल ने कहा कि "सोनभद्र पुलिस आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग कर रही है। CEIR पोर्टल मोबाइल फोन बरामदगी के लिए बेहद प्रभावी माध्यम साबित हुआ है। सर्विलांस सेल, एसओजी और थाना पुलिस की संयुक्त मेहनत के कारण बड़ी संख्या में मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस किया जा सका है। हमारा प्रयास है कि जनता का विश्वास पुलिस पर और मजबूत हो तथा प्रत्येक शिकायत का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण किया जाए। उन्होंने आगे कहा कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में नागरिक बिना समय गंवाए CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा नजदीकी थाने में सूचना दें। समय पर सूचना मिलने से मोबाइल ट्रेस करने और बरामद करने की संभावना काफी बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि मोबाइल बरामदगी के मामलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मई-2026 में 66 प्रतिशत सफलता दर हासिल कर सोनभद्र पुलिस ने पूरे उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।"
उन्होंने बताया कि यह सफलता सर्विलांस सेल, एसओजी टीम और जनपद के समस्त थानों के समन्वित प्रयास, तकनीकी विशेषज्ञता और लगातार अनुश्रवण का परिणाम है। CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोनों को ट्रेस कर उनकी बरामदगी सुनिश्चित की गई तथा सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया।




