Sonbhadra News : जुगैल में युवक की मौत के मामले में 3 नामजद अभियुक्त गिरफ्तार
परिजनों द्वारा उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) चोपन ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

sonbhadra
4:35 PM, October 28, 2026
घनश्याम पांडे/शिवपूजन अग्रहरि (संवाददाता)
जुगैल (सोनभद्र) । 25 अक्टूबर की रात राजेश गुप्ता (20) पुत्र अर्जुन गुप्ता निवासी चतरवार टोला मकरवानी, थाना जुगैल शौच के लिए खेत की तरफ गया था। इसी दौरान जंगली जानवर का शिकार करने के लिए लगाए गए घरेलू उपयोग के जीआई तार में प्रवाहित विद्युत करंट की चपेट में आने से वह घायल हो गया। परिजनों द्वारा उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) चोपन ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता अर्जुन गुप्ता की तहरीर के आधार पर थाना जुगैल पर मु0अ0सं0 134/2026, धारा 105 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। प्रकरण में नामजद निम्नलिखित तीन अभियुक्तों जगरनाथ बैगा पुत्र बच्चालाल बैगा, रामधनी बैगा पुत्र धनपत, बिहारी बैगा पुत्र प्रगास निवासीगण ग्राम चतरवार टोला छिवलहवा, थाना जुगैल, जनपद सोनभद्र को 27 अक्टूबर की रात्रि लगभग 09:00 बजे ग्राम चतरवार से गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया।




