Sonbhadra News : काम का झांसा देकर उड़ाए ₹3.10 लाख, साइबर टीम ने ठगों की चाल पर फेरा पानी
साइबर ठगों ने काम दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 3.10 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही रॉबर्ट्सगंज थाना....

sonbhadra
10:53 PM, August 21, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । साइबर ठगों ने काम दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 3.10 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस की साइबर टीम हरकत में आई और बैंकिंग चैनल के जरिए रकम को होल्ड करा दिया। इसके बाद न्यायालय से आवश्यक आदेश प्राप्त कर ठगी की पूरी रकम पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। वहीं पूरी रकम वापस पाकर पीड़ित ने पुलिस को धन्यवाद किया।
घोरावल थाना क्षेत्र के औड़ी मुड़िलाडीह निवासी अनुराग मिश्रा ने साइबर ठगी का शिकार होने के बाद Cybercrime.gov.in के माध्यम से थाना रॉबर्ट्सगंज में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि काम दिलाने का भरोसा देकर उससे RTGS के माध्यम से 3.10 लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर करा लिए गए। रकम मिलने के बाद न काम मिला और न ही पैसा वापस किया गया।
शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में रॉबर्ट्सगंज साइबर टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल बैंक से संपर्क साधा। टीम ने संबंधित बैंक एवं अन्य माध्यमों से समन्वय कर ठगी की पूरी रकम को होल्ड करा लिया। इसके बाद न्यायालय से रिलीजिंग ऑर्डर प्राप्त कर संबंधित बैंक को भेजा गया।
साइबर टीम की मेहनत रंग लाई, खाते में लौटी पूरी रकम -
लगातार प्रयास और बैंक के सहयोग से 20 अगस्त 2026 को पीड़ित के मूल बैंक खाते में पूरी 3,10,000 रुपये की धनराशि वापस करा दी गई। ठगी की रकम वापस मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस की त्वरित कार्यवाही के लिए आभार जताया। इस कार्यवाही में प्रभारी निरीक्षक राम स्वरूप वर्मा, निरीक्षक अपराध दिन्नू प्रसाद यादव, साइबर हेल्प डेस्क के कांस्टेबल अभिषेक शुक्ला और कांस्टेबल प्रीतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने लोगों से अपील किया कि ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना दें और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना मिलने से ठगी की रकम को रोकने और वापस कराने में मदद मिल सकती है।




