Sonbhadra News : 'मां दुर्गा' की प्रतिमा स्थापना को सजने-संवरने लगे 275 पंडाल
पितृ विसर्जन के साथ ही शारदीय नवरात्र शुरू हो जाएगा। पर्व के रंग में बाजार सजने लगे हैं, वहीं नगर से लगायत ग्रामीण अंचल के 275 पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना की तैयारी भी शुरू हो गई है।

sonbhadra
1:29 PM, September 27, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । पितृ विसर्जन के साथ ही शारदीय नवरात्र शुरू हो जाएगा। पर्व के रंग में बाजार सजने लगे हैं, वहीं नगर से लगायत ग्रामीण अंचल के 275 पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना की तैयारी भी शुरू हो गई है। कहीं बांस-बल्ली लगाए जा रहे हैं तो कहीं तेजी से मूर्ति को गढ़ने व संवारने के कार्य को मूर्तरूप देने में कारीगर जुटे हुए हैं। हर तरफ अब त्योहारी रंग दिखने लगा है। बाजार सजकर तैयार है, लेकिन खरीदारी का जोर पितृ विसर्जन के बाद ही जोर पकड़ने की उम्मीद जताई जा रही है। दो दिनों से लगातार हो रही रिमझिम बारिश पहले ही शरद के आगमन के अहसास कराने लगी है।
केदारनाथ मंदिर व राम मंदिर के पांडाल में विराजेंगी माँ आदिशक्ति -
पूजा पंडाल में कहीं केदारनाथ मंदिर की झांकी बनाई जा रही है तो कहीं श्रीराम मंदिर व अन्य आकर्षक रूपों में सजाया जा रहा है, इसके साथ ही रामलीला मंचन को लेकर भी तैयारियाँ शुरू हो गई है। रॉबर्ट्सगंज नगर के मेन मार्केट में आदिशक्ति दुर्गा मंदिर ट्रस्ट की तरफ से दुर्गा मंदिर को ही आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है। वहीं सिविल लाइंस रोड पर मां कालरात्रि पूजा समिति की तरफ से भव्य पंडाल सजाया जा रहा है। बाहर से आए कारीगर पंडाल को मूर्त रूप देने में जुटे हुए हैं। ऑटो मोबाइल्स संघ की तरफ से बढ़ौली चौक पर पंडाल की सजावट शुरू कर दी गई है। यहां केदारनाथ मंदिर की आकृति बनाई जा रही है।
रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में स्थापित होंगी सर्वाधिक 74 दुर्गा प्रतिमाएं -
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली अन्तर्गत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 74 स्थानों पर पूजा पंडाल व चार जगह रामलीला मंचन का आयोजन होता है। वहीं चोपन क्षेत्र में 19 जगह दुर्गा पूजा और चार जगह रामलीला मंचन, ओबरा में 13 स्थानों पर दुर्गा पूजा व दो जगह रामलीला का मंचन होगा। वहीं कोन क्षेत्र में 14 स्थानों पर दुर्गा पूजा पंडाल सजाया जाएगा। इस तरह से जिले भर में 275 से अधिक स्थानों पर दुर्गा पूजा पंडाल सजाए जाएंगें।




