Sonbhadra News : सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुँची 238 शिकायतें, 28 का हो सका निस्तारण
शासन की मंशा के अनुरूप जिले की चारों तहसीलों में ‘‘सम्पूर्ण समाधान दिवस" का आयोजन दिसम्बर महीने के तीसरे शनिवार को किया गया। चारों तहसीलों में कुल 238 शिकायतें सामने आईं जिसमें 28 शिकायतों का ही....

सम्पूर्ण समाधान दिवस पर फरियादियों की शिकायत सुनते डीएम, एसपी, सीएमओ व अन्य अधिकारीगण
sonbhadra
7:39 PM, December 21, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• सम्पूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित प्रभागीय वनाधिकारी राबर्ट्सगंज, डीआईओएस को डीएम ने स्पष्टीकरण जारी करने का दिया निर्देश
• बेदखली के मुकदमें को प्रारंभ करने में शिथिलता बरतने पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार न्यायिक को स्पष्टीकरण जारी करने, पेशकार के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही का दिया निर्देश
• शिकायत निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्ध होगी कार्यवाही - जिलाधिकारी
सोनभद्र । शासन की मंशा के अनुरूप जिले की चारों तहसीलों में ‘‘सम्पूर्ण समाधान दिवस" का आयोजन दिसम्बर महीने के तीसरे शनिवार को किया गया। चारों तहसीलों में कुल 238 शिकायतें सामने आईं जिसमें 28 शिकायतों का ही निस्तारण किया जा सका।
तहसील राबर्ट्सगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह व पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा की अध्यक्षता में किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को बड़े ही सरलभाव से सुना और निस्तारण के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित अधिकारियो को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का निस्तारण मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का फीड बैक प्राप्त करते हुए गुणवत्ता पूर्ण तरीके से किया जाए साथ ही सम्बन्धित अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में समय से उपस्थित होते हुए जनमानस के शिकायतों का निस्तारण समय से करना सुनिश्चित करेंगें। ऐसे मामले जो मौके पर जाकर निस्तारण किया जाना है, दोनों पक्षों के समक्ष वार्ता कर प्रकरण का निष्पक्ष तरीके से निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाये। कार्यालय में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता का फीडबैक लेते हुए शिकायतों का निस्तारण किया जाए जिससे शिकायतकर्ता को किसी प्रकार की समस्या न हो और उनके प्रकरण का निस्तारण समय से किया जा सके।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित प्रभागीय वनाधिकारी राबर्ट्सगंज, जिला विद्यालय निरीक्षक को जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिया।




