Sonbhadra News : सोनभद्र में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 225 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
कुल 225 जोड़ों का उनके रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह सम्पन्न कराया गया, जिसमें 216 हिन्दू एवं 09 मुस्लिम जोड़े सम्मिलित रहे।

sonbhadra
6:18 PM, October 26, 2026
शांतनु कुमार
० 216 हिन्दू एवं 09 मुस्लिम जोड़ों का रीति-रिवाज के अनुसार सम्पन्न हुआ सामूहिक विवाह
सोनभद्र । मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सोमवार को डायट परिसर, उरमौरा, रॉबर्ट्सगंज में सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 225 जोड़ों का उनके रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह सम्पन्न कराया गया, जिसमें 216 हिन्दू एवं 09 मुस्लिम जोड़े सम्मिलित रहे। विकास खण्ड रॉबर्ट्सगंज के 38, करमा के 19, चतरा के 11, नगवां के 05, दुद्धी के 15, म्योरपुर के 43, घोरावल के 29, चोपन के 21, कोन के 08, बभनी के 24 तथा नगर पालिका क्षेत्र के 12 पात्र जोड़ों का विवाह सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री, समाज कल्याण संजीव कुमार गोंड, ब्लॉक प्रमुख रॉबर्ट्सगंज अजीत रावत, ब्लॉक प्रमुख म्योरपुर मान सिंह, ब्लॉक प्रमुख नगवां आलोक सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने नवविवाहित वर-वधू को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखमय दाम्पत्य जीवन की कामना की। समाज कल्याण विभाग, विकास विभाग एवं पुलिस प्रशासन के कर्मचारियों द्वारा अपेक्षित सहयोग प्रदान किया गया, जिससे कार्यक्रम का सफल आयोजन सम्पन्न हुआ।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने अवगत कराया कि शासनादेश के अनुसार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रति जोड़े पर कुल ₹1,00,000 की धनराशि व्यय किए जाने का प्रावधान है। इसमें कन्या के दाम्पत्य जीवन की खुशहाली एवं गृहस्थी की स्थापना हेतु ₹64,000 की सहायता राशि कन्या के खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी। इसके अतिरिक्त ₹21,000 की वैवाहिक उपहार सामग्री प्रदान की गई, जिसमें गद्दा, तकिया, साड़ी, ब्लाउज, पेटीकोट, चुनरी, लहंगा, चादर, प्रेस, डिनर सेट, सीलिंग फैन, मिष्ठान सहित अन्य सामग्री सम्मिलित है। वहीं, भोजन, पंडाल, फर्नीचर, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए प्रति जोड़ा ₹15,000 व्यय किया गया। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि जनपद में आगामी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम 15 नवम्बर से 25 नवम्बर, 2026 के मध्य प्रस्तावित है।




