Sonbhadra News : R.A.M. ने प्रदर्शन कर की बजरंगबली के कथित राजनीतिक प्रयोग पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की मांग
गत 5 जुलाई को लखनऊ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के रोड शो के दौरान भगवान श्री बजरंगबली के स्वरूप के कथित राजनीतिक उपयोग को लेकर आज राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के बैनर तले जिलाध्यक्ष संतोष....

कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते R.A.M. के कार्यकर्ता.......
sonbhadra
6:19 PM, June 29, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । गत 5 जुलाई को लखनऊ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के रोड शो के दौरान भगवान श्री बजरंगबली के स्वरूप के कथित राजनीतिक उपयोग को लेकर आज राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के बैनर तले जिलाध्यक्ष संतोष कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर डीएम को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की मांग की।
जिलाध्यक्ष संतोष कुमार पाण्डेय ने बताया कि "कि रोड शो के दौरान कथित रूप से भगवान श्री बजरंगबली का स्वरूप धारण किए हुए एक व्यक्ति के हाथ में राजनीतिक दल का झंडा देकर उसे नृत्य कराते हुए प्रदर्शित किया गया। संगठन का आरोप है कि इस घटना से करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने बताया कि भगवान श्री हनुमान समस्त सनातन समाज के आराध्य हैं और किसी भी प्रकार से उनके स्वरूप का राजनीतिक प्रचार-प्रसार में उपयोग धार्मिक आस्था के विपरीत है। उन्होंने आगे कहा कि धार्मिक आस्था एवं सामाजिक सौहार्द की रक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था की जिम्मेदारी है। यदि इस प्रकार की घटनाओं पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में धार्मिक प्रतीकों के सम्मान पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
ये है प्रमुख मांगें -
• पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए
• जांच में यदि धार्मिक भावनाएं आहत करने अथवा कानून के उल्लंघन के तथ्य सामने आएं तो दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए
• भविष्य में किसी भी राजनीतिक दल या संगठन द्वारा देवी-देवताओं एवं धार्मिक प्रतीकों के राजनीतिक उपयोग को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं




