Sonbhadra news : मेधा की कसौटी पर खरे उतरे 188 छात्र, अब जिले में दिखाएंगे हुनर
शैक्षणिक दक्षता और छात्रों के अधिगम स्तर को परखने के उद्देश्य से सोमवार को चोपन ब्लॉक में ब्लॉक स्तरीय मेधावी छात्र चयन परीक्षा 2026-27 का आयोजन किया गया।

sonbhadra
6:09 PM, September 7, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र)। शैक्षणिक दक्षता और छात्रों के अधिगम स्तर को परखने के उद्देश्य से सोमवार को चोपन ब्लॉक में ब्लॉक स्तरीय मेधावी छात्र चयन परीक्षा 2026-27 का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय के मार्गदर्शन में हुई परीक्षा में चयनित प्रतिभाशाली छात्र अब जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में चोपन ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खण्ड शिक्षा अधिकारी लोकेश कुमार मिश्र की देखरेख में परीक्षा निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कराई गई। विकासखंड के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों से संकुल स्तर पर चयनित 241 विद्यार्थियों में 188 ने परीक्षा में प्रतिभाग किया।
मूल्यांकन के बाद जारी मेरिट में प्राथमिक स्तर की कक्षा तीन में सुषमा, शिवा और सूर्या, जबकि कक्षा पांच में क्षमा, दीपिका, सीमा और तीर्थराज ने स्थान बनाया। उच्च प्राथमिक स्तर की कक्षा छह में काजल, कृष्णा और अनुप्रिया, जबकि कक्षा आठ में कृष्ण, सलोनी, प्रिंस और सूरज कुमार चयनित हुए।
समापन पर खण्ड शिक्षा अधिकारी लोकेश कुमार मिश्र ने परीक्षा को सफल बनाने में जुटे शिक्षकों की सराहना की। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया और आगामी जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए नियमित तैयारी करने को प्रेरित किया।




