Sonbhadra news : 17 वर्षीय छात्रा की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
हिंडालको सेकंड प्लांट आवासीय परिसर के समीप शनिवार को 17 वर्षीय छात्रा की घर के अंदर मौत हो गई।

sonbhadra
8:23 AM, September 6, 2026
मनोज वर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट। हिंडालको सेकंड प्लांट आवासीय परिसर के समीप शनिवार को 17 वर्षीय छात्रा की घर के अंदर मौत हो गई। परिजनों के अनुसार छात्रा ने फांसी लगाई थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि रिया सिंह (17) शुक्रवार रात परिजनों के साथ राधा-कृष्ण मंदिर में आयोजित जन्माष्टमी कार्यक्रम में शामिल हुई थी। रात करीब एक बजे परिवार घर लौटा। शनिवार दोपहर घर के सदस्य आराम कर रहे थे। इसी दौरान रिया की छोटी बहन की नजर उस पर पड़ी। परिजनों ने उसे तत्काल नीचे उतारकर ईएसआई अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज ने बताया कि अस्पताल से किशोरी की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।




