Sonbhadra news: 10.25 किलो गांजा बरामद, तस्करी में प्रयुक्त FRONX कार समेत युवक गिरफ्तार
“ऑपरेशन शुद्धि” के तहत कार्रवाई करते हुए 10 किलो 250 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।

sonbhadra
2:29 PM, October 6, 2026
शांतनु कुमार/प्रकाश खत्री
सोनभद्र। पन्नूगंज थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत कार्रवाई करते हुए 10 किलो 250 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त मारुति फ्रॉन्क्स कार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5.10 लाख रुपये, जबकि वाहन समेत कुल बरामदगी की कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर सिंह के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पाण्डेय के नेतृत्व में पन्नूगंज पुलिस टीम रात्रि गश्त कर रही थी।
बिहारी मोड़ से करीब 50 मीटर आगे ग्राम परसौटी के पास पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक चार पहिया वाहन पुलिस को देखकर तेजी से मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी लेने पर सफेद-लाल रंग के प्लास्टिक बोरे से पांच पैकेट बरामद हुए। जांच में पैकेटों में गांजा पाया गया, जिसका कुल वजन 10 किलो 250 ग्राम निकला।
पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम राजप्रकाश बौद्ध (21) पुत्र जयप्रकाश, निवासी परसौटी, थाना पन्नूगंज, सोनभद्र बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 187/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे 6 अक्टूबर 2026 को रात 00:46 बजे गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया। बरामद फ्रॉन्क्स वाहन को भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 60 के तहत आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मु0अ0सं0 62/2025 के तहत बीएनएस और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पाण्डेय, उपनिरीक्षक अजीत कुमार दुबे, हेड कांस्टेबल राम निवास यादव, हेड कांस्टेबल राघोवेन्द्र सरकार और कांस्टेबल लवकुश खरवार शामिल रहे।




