Sonbhadra News : कार की पिछली सीट हटाकर छिपा रखा था 1.38 क्विंटल डोडा, पुलिस ने दो अंतर्राज्यीय तस्कर दबोचे
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत दुद्धी पुलिस ने शनिवार को अन्तर्राज्यीय डोडा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके.....

ऑपरेशन शुद्धि के तहत डोडा बरामदगी का खुलासा करते एएसपी ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल व सीओ दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी.....
sonbhadra
5:10 PM, September 5, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• झारखंड से बरेली जा रही थी नशीले पदार्थ की खेप, आर्टिका कार समेत 30 लाख का माल बरामद
सोनभद्र । मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत दुद्धी पुलिस ने शनिवार को अन्तर्राज्यीय डोडा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक क्विंटल 38 किलो 538 ग्राम अवैध डोडा बरामद किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही आर्टिका कार और दो मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में ले लिए। बरामद डोडा और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक दुद्धी विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को यह सफलता मिली।
रुकने के बजाय कार भगाई, पीछा कर पुलिस ने दबोचा -
अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि "शनिवार सुबह करीब 9:45 बजे दुद्धी क्षेत्र के रजखड़ तिराहे पर पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि विंढमगंज की ओर से सफेद रंग की आर्टिका कार में संदिग्ध मादक पदार्थ लदा हुआ है और वाहन हाथीनाला की ओर जाने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने कार रोकने के बजाय उसे तेज गति से रजखड़ घाटी-हाथीनाला मार्ग की ओर भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा शुरू कर दिया और दुद्धी थाने की पुलिस को भी इसकी सूचना दी। पुलिस ने रजखड़ घाटी में चढ़ाई से पहले मोड़ पर घेराबंदी कर कार को रोक लिया। कार में सवार चालक और उसके साथी ने उतरकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने दोनों बरेली निवासी अनूप साहू (31वर्ष) पुत्र दीनानाथ और राहुल मौर्या (24वर्ष) पुत्र छत्रपाल मौर्या को घेरकर मौके पर ही दबोच लिया।"
पिछली सीट हटाई और बना दिया 'नशे का तहखाना' -
उन्होंने बताया कि कार की तलाशी में पुलिस को पिछली सीट के स्थान पर रखी नौ प्लास्टिक की बोरियां मिलीं। बोरियों को खोलकर देखा गया तो उनमें भारी मात्रा में डोडा बरामद हुआ। तौल कराने पर कुल वजन 1 क्विंटल 38 किलो 538 ग्राम निकला। पुलिस ने सभी बोरियों को कब्जे में लेकर नियमानुसार सील कर दिया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों की तलाशी में दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद हुए। तस्करी में प्रयुक्त आर्टिका कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। इस मामले में दुद्धी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
झारखंड के डाल्टेनगंज से माल, बरेली में थी सप्लाई -
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी अनूप साहू ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी राहुल मौर्या के साथ झारखंड के डाल्टेनगंज क्षेत्र से डोडा लेकर बरेली जा रहा था। दोनों आरोपी 2 सितंबर को बरेली से बिहार के रास्ते डाल्टेनगंज पहुंचे थे, जहां उन्हें डोडा की नौ बोरियां उपलब्ध कराई गईं। तस्करों ने कार की पिछली सीट निकालकर बोरियों को उसमें छिपा दिया और सोनभद्र के दुद्धी रास्ते बरेली के लिए रवाना हो गए। पुलिस पूछताछ में डोडा की खरीद-फरोख्त और सप्लाई को लेकर कुछ अन्य लोगों के नाम और जानकारियां भी सामने आई हैं।
तस्करी नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में जुटी पुलिस -
पुलिस अब आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर डोडा तस्करी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है। झारखंड से मादक पदार्थ की खेप उपलब्ध कराने वाले और बरेली में इसकी सप्लाई लेने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में सामने आए नामों और कड़ियों के आधार पर अन्तर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क पर आगे भी कार्यवाही की जा सकती है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अनूप साहू के खिलाफ बरेली में सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत वर्ष 2022 और 2024 में दो मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक संजय सिंह, हरिकेश राम आजाद, रामसजीवन, हेड कांस्टेबल राजेश सिंह तथा कांस्टेबल शिवम अहिरवार, अरविन्द कुमार यादव, सौरभ पाण्डेय और सुनील सरोज शामिल रहे।




