Sonbhadra cyclone Update : तेज आंधी ने मचाई तबाही, एक युवक की मौत, पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त
रावर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग पर पेड़ गिर जाने से जगह-जगह सड़क अवरुद्ध हो गया जिससे घंटों जाम कि स्थिति बनी रही । वहीं एक युवक पर पेड़ गिरने से उसकी मौत हो गयी। जिसके बाद हड़कंप मच गया।

sonbhadra
10:25 PM, May 13, 2026
- ० चुर्क में वाहन सहित बड़ा नुक्सान
- पटरी दुकानदारों के सामान सहित गल्ले में रखा पैसा उड़ा
- चोपन में भी कई पेड़ गिरे, घरों के छज्जे उड़े
- जिले में कई जगहों पर बिजली गुल
- बिजली न आने के कारण पानी का संकट गहराया
शांतनु कुमार
सोनभद्र। बुधवार शाम अचानक मौसम ने ऐसा मंजर दिखाया कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। तेज आंधी चलने से जहाँ बिजली के पोल सहित कई पेड़ और बड़े-बड़े साइन बोर्ड गिर गए वहीं घरों में खड़े कई वाहन और पानी की टंकी भी क्षतिग्रस्त हो गए।
वैनी संवाददाता के अनुसार रावर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग पर पेड़ गिर जाने से जगह-जगह सड़क अवरुद्ध हो गया जिससे घंटों जाम कि स्थिति बनी रही । वहीं एक युवक पर पेड़ गिरने से उसकी मौत हो गयी। जिसके बाद हड़कंप मच गया। मृतक युवक की पहचान रायपुर थाना क्षेत्र के पवनी गांव निवासी महेंद्र(38) पुत्र कल्लू के रूप में हुई, जो बाइक से रावर्ट्सगंज से घर आ रहा था। तभी तेज़ आंधी के कारण पन्नुगंज थाना क्षेत्र के खड़ुई गांव के पास सड़क के किनारे एक पेड़ के पास रुक गया । वहां से वह भागते समय पेड़ युवक पर गिर गया जिससे वह दब गया । कुछ समय बाद आस-पास के लोगों ने उसको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तियरा ले गये, जहां डाक्टर ने देखते ही मृत्यु घोषित कर दिया।
सुकृत संवाददाता के अनुसार चौकी परिसर में तेज आंधी-तूफान के दौरान अचानक पेड़ गिरने से पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।गलिमत था कि घटना के समय आसपास मौजूद पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। हादसे में वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है।
चुर्क संवाददाता ने बताया कि सबसे ज्यादा नुक्सान पटरी दुकानदारों को हुआ है। कई पटरी दुकानदारों के समान बिखर गए तो कई के पैसे तक आंधी में उड़ गए। चुर्क से छपका मार्ग पर पेड़ गिर जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। लोगों को दुपहिया वाहन निकालने में दिक्कत हो रहा है। वहीं पुलिस लाइन तिराहे पर लगा नगर पालिका का साइन बोर्ड भी गिर गया है। आंधी से रावर्ट्सगंज, चुर्क सहित कई गावों में अंधेरा छाया हुआ है। अब जब बिजली नहीं है तो लोगों के सामने भीषण गर्मी के साथ पानी का संकट भी गहरा गया है।
वहीं चोपन संवाददाता ने बताया कि सिंदूरिया और हाइडिल में कई घरों के सीट उड़ गए हैं और कई पेड़ भी गिर गए हैं। उन्होंने बताया कि आंधी के कारण पूरे नगर की बिजली भी बत्ती गुल है। जिससे पानी का संकट बढ़ सकता है।




