Sonbhadda News : पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, छह केंद्रों पर कड़ी निगरानी में होगी लिखित परीक्षा
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए....

पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर अधिकारियों संग बैठक करते एएसपी......
sonbhadra
8:13 PM, June 5, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• एएसपी अनिल कुमार की अध्यक्षता में बैठक संपन्न, नकलविहीन एवं पारदर्शी परीक्षा के लिए अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश
सोनभद्र । उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सोनभद्र प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनपद के छह परीक्षा केंद्रों पर 8, 9 एवं 10 जून को दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसके लिए सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में नोडल अधिकारी (पुलिस) एवं अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों और कर्मचारियों को परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं सत्यापन प्रक्रिया, चेकिंग और फ्रिस्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों व गोपनीय सामग्री की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, कंट्रोल रूम संचालन तथा कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अव्यवस्था पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एएसपी अनिल कुमार ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन भी किया गया।
बैठक में जनपदीय सीसीटीवी कंट्रोल रूम प्रभारी, जिला प्रबंधक (गोपनीय/सुरक्षा), समस्त सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, केंद्र प्रभारी पुलिस अधिकारी, कंट्रोल रूम प्रभारी तथा चेकिंग एवं फ्रिस्किंग ड्यूटी में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




