Shahjahanpur news : संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस
कढ़ैया में गुरुवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया।

shahjahanpur
8:35 PM, October 1, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
खुटार, शाहजहांपुर। थाना क्षेत्र के गांव कढ़ैया में गुरुवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान हरिओम पुत्र गजराज के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।
परिजनों की ओर से संपत्ति विवाद को लेकर युवक की मौत पर संदेह जताया गया है। मृतक की मां ने परिवार के ही एक सदस्य पर आरोप लगाए हैं। हालांकि, पुलिस को खबर लिखे जाने तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली थी। पुलिस का कहना है कि आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
गले पर मिले निशान से बढ़ी जांच की गंभीरता
मृतक के गले पर निशान पाए जाने की बात सामने आई है। इससे उसकी मौत की परिस्थितियों को लेकर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। वहीं, ग्रामीणों के अनुसार युवक पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान भी रहता था। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलने पर सीओ प्रवीण मलिक, प्रभारी निरीक्षक लोकेंद्र कुमार त्यागी और हल्का दरोगा सोहनलाल बालियान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव का पैनल पोस्टमार्टम कराने के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




