Shahjahanpur news : प्रेम संबंधों के विवाद में युवक की मौत, पत्नी और एक युवक पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा
पुवायां क्षेत्र के मजीदपुर गांव में वैवाहिक विवाद और कथित प्रेम संबंधों के बीच एक युवक की मौत का मामला सामने आया है।

shahjahanpur
5:52 PM, August 3, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
पुवायां (शाहजहांपुर)। पुवायां क्षेत्र के मजीदपुर गांव में वैवाहिक विवाद और कथित प्रेम संबंधों के बीच एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पत्नी के कथित प्रेम संबंधों से मानसिक रूप से परेशान होकर युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर पत्नी और एक अन्य युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।परिजनों के मुताबिक, मृतक अनूप कुमार की पत्नी मन्नू के गांव के ही दलीप कुमार से कथित संबंध थे। आरोप है कि दोनों के बीच लगातार फोन पर बातचीत होती थी और वे एक-दूसरे से मिलते भी थे। अनूप इस बात का विरोध करता था, जिससे घर में अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी। परिजनों का दावा है कि इसी कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। बताया गया कि तनाव के चलते अनूप ने जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर पत्नी और नामजद युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




