Shahjahanpur news : अनियंत्रित बाइक फिसलने से महिला की मौत, तीन परिजन घायल
एक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा, बहू और पोता घायल हो गए।

shahjahanpur
10:07 PM, June 19, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
खुटार (शाहजहांपुर)। खुटार-पूरनपुर मार्ग पर शुक्रवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा, बहू और पोता घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, खुटार क्षेत्र के नवदिया सराय गांव निवासी लीलावती (पत्नी बलराम) अपने बेटे विनोद, बहू प्रीति और पोते अतुल के साथ पूरनपुर क्षेत्र में रिश्तेदारी से वापस घर लौट रही थीं। रास्ते में लौहगांपुर जंगल स्थित गुरुद्वारे के समीप उनकी बाइक का टायर पंचर हो गया। बताया जाता है कि इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे चारों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। अस्पताल में चिकित्सकों ने लीलावती को मृत घोषित कर दिया। वहीं विनोद की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। बहू प्रीति और पोते अतुल का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।




