Shahjahanpur news : कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली में ट्रक की टक्कर, दो की मौत, 10 घायल
जल लेकर गांव लौट रहे कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल हुए हैं।

shahjahanpur
2:46 PM, August 21, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
शाहजहांपुर। जल लेकर गांव लौट रहे कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल हुए हैं। एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, थाना जैतीपुर क्षेत्र के गांव बमियाना से करीब 15 से 20 कांवड़िए बेलाडांडी से जल लेकर शुक्रवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस लौट रहे थे। नवादा रोड पर मानपुर गांव के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रॉली को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक ट्रॉली को रौंदता हुआ आगे निकल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया।
गुड्डू कश्यप और अमन सिंह ठाकुर की हालत गंभीर होने पर उन्हें बरेली जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में शिवम मिश्रा, अंकित मिश्रा, छोटे मिश्रा और जतिन समेत अन्य कांवड़िए घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।




