Shahjahanpur news : खांडसारी मिल में तीन विभागों का एक साथ धावा, दो घंटे तक चली छापेमारी से मचा हड़कंप
तीन विभागों की संयुक्त टीम ने एक साथ धावा बोल दिया। खांडसारी, आबकारी और खाद्य विभाग की टीम ने करीब दो घंटे तक मिल में गहन जांच की।

shahjahanpur
2:21 PM, November 19, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
* गुड़ बनाने की आड़ में क्या हो रहा था खेल? सैंपल लैब भेजे, रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजर
खुटार, शाहजहांपुर। खुटार-पुवायां रोड स्थित श्रीराम खांडसारी उद्योग में मंगलवार देर शाम तीन विभागों की संयुक्त टीम ने एक साथ धावा बोल दिया। खांडसारी, आबकारी और खाद्य विभाग की टीम ने करीब दो घंटे तक मिल में गहन जांच की। जांच के दौरान उत्पादों के सैंपल भरे गए और अभिलेखों को भी खंगाला गया। छापेमारी की खबर मिलते ही मिल प्रबंधन और कर्मचारियों में खलबली मच गई।
गुड़ बन रहा था, खंड नहीं
बताया जा रहा है कि मिल में इन दिनों खंड (चीनी) का निर्माण नहीं हो रहा है, बल्कि गुड़ बनाया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर तीन-तीन विभागों को एक साथ छापा मारने की जरूरत क्यों पड़ी? कहीं गुड़ की आड़ में कोई और खेल तो नहीं चल रहा था?
बरेली से आई टीम
जांच में खांडसारी विभाग के बरेली डिवीजन के अधिकारियों के साथ शाहजहांपुर के आबकारी और खाद्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने मिल के हर हिस्से की जांच की और सैंपल सील किए।
अधिकारियों के अनुसार लिए गए सैंपल लैब भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि मिल में सब कुछ नियम के अनुसार चल रहा था या फिर नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं फिलहाल छापेमारी के बाद से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।




