Shahjahanpur News : दो साधुओं की हत्या से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गांव का ही एक युवक दोनों साधुओं को मंदिर से हटाकर परिसर पर कब्जा करना चाहता था।

shahjahanpur
4:27 PM, October 1, 2026
राहुल शुक्ला (संवाददाता)
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में मंदिर परिसर में रह रहे दो साधुओं की हत्या के बाद उनके शवों को वहीं चिता बनाकर जलाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शाहजहांपुर के एसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मामला थाना खुदागंज क्षेत्र के सूथा गांव का है। बताया जा रहा है कि दोनों साधु पिछले कई वर्षों से गांव स्थित मंदिर परिसर में रहकर पूजा-पाठ करते थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गांव का ही एक युवक दोनों साधुओं को मंदिर से हटाकर परिसर पर कब्जा करना चाहता था।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
शाहजहांपुर के एसपी के मुताबिक, मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों के साथ-साथ घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
फिलहाल दो साधुओं की हत्या और शव जलाए जाने की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद ही वारदात की पूरी वजह और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




