Shahjahanpur news : दो साधुओं की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव स्थित मंदिर परिसर में दो साधुओं की हत्या कर शव जलाए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है।

shahjahanpur
3:29 PM, October 2, 2026
- लोहे की रॉड से हमला कर हत्या के बाद शव जलाने का आरोप, झाड़ियों से हथियार बरामद
राहुल शुक्ला ब्यूरो
शाहजहांपुर। खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव स्थित मंदिर परिसर में दो साधुओं की हत्या कर शव जलाए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में आरोपी सुमित कुमार सिंह को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर मंदिर के पास झाड़ियों से करीब ढाई फीट लंबी लोहे की रॉड बरामद की है। पुलिस के अनुसार रॉड पर खून के धब्बे मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को मंदिर परिसर में बाबा गोपाल दास और बाबा बिहारी दास के जले हुए शव बरामद हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और घटना के खुलासे के लिए कई टीमें गठित कीं।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि एक अक्टूबर की रात मंदिर में सो रहे दोनों साधुओं पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में रखी लकड़ियों और दीपक जलाने के लिए रखे घी की मदद से दोनों शवों को जला दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मंदिर में रहने को लेकर आरोपी का दोनों साधुओं से विवाद चल रहा था। आरोपी स्वयं भी मंदिर में रहना चाहता था। मामले में शिव कुमार सिंह की तहरीर पर सुमित कुमार सिंह के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
आरोपी की निशानदेही पर बरामद लोहे की रॉड को पुलिस ने कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच सहित अन्य साक्ष्यों में शामिल किया है। पुलिस का कहना है कि बरामदगी और पूछताछ के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास भी है। खुदागंज थाने में उसके खिलाफ मारपीट, एससी-एसटी एक्ट, तोड़फोड़ और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में सात मुकदमे दर्ज हैं। दो साधुओं की हत्या का मुकदमा उसके खिलाफ दर्ज आठवां मामला बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।




